लखनऊ
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की ओर से रविवार को चिनहट स्थित ओमेगा ग्रीन अपार्टमेंट में निशुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। सामाजिक सरोकार और जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
हेल्थ कैंप में लोगों के रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, रक्त समूह, ईसीजी, बीएमआई, दंत परीक्षण तथा सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच कराने और समय पर उपचार लेने के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने सामुदायिक जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किया। बैंक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बचत खाता, सावधि जमा, गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, व्यक्तिगत ऋण, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, म्यूचुअल फंड और एसआईपी जैसी विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी तथा वित्तीय नियोजन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
उप क्षेत्रीय प्रबंधक अखिलेश मोहन उपाध्याय ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य, वित्तीय सशक्तिकरण और समग्र विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाना है। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोसाइटी के पदाधिकारी पी पी वास्तव और मनीष कुमार दुबे भी मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
