जयपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट

राज्य

 जयपुर
 बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होकर डीप-डिप्रेशन में बदलने के बाद राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई को राज्य के 25 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2 अगस्त तक प्रदेश में मानसून एक्टिव फेज में रहेगा और कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे हवा के साथ तेज बारिश हुई। करीब 10 मिनट शहर के जेएलएन, मालवीय नगर सहित कई इलाकों में बारिश हुई। इसके अलावा भरतपुर, धौलपुर और राजसमंद सहित कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, पाली, सिरोही, उदयपुर और राजसमंद जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

जयपुर समेत कई जिलों में सोमवार को हुई अच्छी बरसात
सोमवार को राजधानी जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर करीब 2 इंच तक पानी बरसा। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी राहत मिली।

डीप-डिप्रेशन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब मजबूत होकर डीप-डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी विकसित हो रहा है। इन दोनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में 2 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा दर्ज हुई बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर के कोलायत में 54 मिमी, सवाई माधोपुर के बरनाला में 52 मिमी, करौली के हिंडौन में 34 मिमी, जोधपुर के शेरगढ़ में 27 मिमी, करौली के नादौती में 24 मिमी और श्रीगंगानगर के श्रीपदमपुर में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में 15 मिमी तथा नागौर में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। वहीं जयपुर, उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, अलवर, जालौर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, अजमेर और बाड़मेर में हल्की बारिश हुई।

29 जुलाई से और तेज होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ेगा। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में मध्यम से तेज बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी/अतिभारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान फिर मानसून सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry