बीकानेर में भव्य होगा स्वतंत्रता दिवस आयोजन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

राज्य

जयपुर
 राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह-2026 के सफल, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को शासन सचिवालय में  समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि बीकानेर के लिए यह गर्व और हर्ष का विषय है कि इस वर्ष राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह का आयोजन बीकानेर में किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे बीकानेर जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करें, ताकि समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके।

बैठक में बीकानेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मुख्य समारोह के साथ-साथ बीकानेर एवं जयपुर में आयोजित होने वाले 'एट होम' कार्यक्रमों की तैयारियों एवं आयोजन स्थलों से संबंधित व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर बीकानेर में आयोजित होने वाला सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रभावी प्रतिबिंब बने तथा उसे आकर्षक एवं यादगार स्वरूप दिया जाए।

बैठक के दौरान बीकानेर जिला कलेक्टर से समारोह स्थल के चयन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, विद्युत व्यवस्था, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने समारोह में विद्यार्थियों, लोक कलाकारों तथा आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करे तथा किसी भी प्रकार की कमी अथवा समन्वय संबंधी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। साथ ही समारोह स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग नवीन जैन, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह, जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं बीकानेर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, बीकानेर जिला कलक्टर निशांत जैन तथा अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry