Pink Saheli Smart Card लॉन्च: बस-मेट्रो यात्रा के साथ अब डेबिट कार्ड की तरह भी कर सकेंगी भुगतान

राज्य

नई दिल्ली

 दिल्ली की डीटीसी बसों में फ्री सफर के साथ-साथ पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल हो सकेगा। पिंक कार्ड धारक महिलाएं इससे मॉल और दुकानों से भी खरीदारी कर सकेंगी। इसके लिए डीटीसी की ओर से अधिकृत किए गए बैंक की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

डीटीसी की ओर से फिलहाल दो तरह के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जारी किए जा रहे हैं। इसमें एक कार्ड जीरो केवाईसी के जरिये बनाया जा रहा है। इसमें महज आधार कार्ड के जरिए महिलाओं को पिंक कार्ड जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी के जरिए यह कार्ड जारी किया जा रहा है। दूसरा कार्ड फुल केवाईसी के बाद जारी किया जा रहा है। इसमें बैंक की ओर से लंबी आवेदन प्रक्रिया को पूरा करना पड़ता है और यह कार्ड डेबिट कार्ड की तरह घर के पते पर डाक के जरिये भेजा जाता है।

ऐसे बनेगा कार्ड
डीटीसी के अधिकारी के मुताबिक, डेबिट कार्ड की तरह इस्तेमाल होने वाला पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके साथ दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज के फोटो समेत अपनी व्यक्तिगत डिटेल देनी होगी। जरूरत हुई तो बैंक की ओर से पैन कार्ड मांगा जा सकता है। इसके बाद बैंक द्वारा वीडियो केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होगी। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद कार्ड बनाकर आवेदक के पते पर भेज दिया जाएगा।

ऐसे इस्तेमाल कर सकेंगे
फुल केवाईसी पिंक स्मार्ट कार्ड से सभी बसों में निशुल्क टिकट मिलेगा। अगर मेट्रो, नमो भारत ट्रेनों में इस कार्ड से सफर करना है या शॉपिंग करनी है तो इसे रिचार्ज कराना होगा।
नारंगी कार्ड के लिए इंतजार करना होगा

डीटीसी ने यात्रियों के लिए तीन रंग के कार्ड निर्धारित किए हैं। महिलाओं के लिए गुलाबी, सामान्य यात्रियों के लिए नीला और वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग व अन्य छूट प्राप्त यात्रियों के लिए नारंगी रंग का कार्ड जारी किया जाएगा। विभाग का कहना है कि नारंगी कार्ड जारी करना अभी शुरू नहीं किया गया है।

01 अगस्त से पिंक सहेली कार्ड दिखाना होगा अनिवार्य
गौरतलब है कि दिल्ली में 01 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने अपनी बसों में एक विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत महिला यात्रियों को जल्द से जल्द यह स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह दी जा रही है।

डीटीसी की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि 01 अगस्त से केवल उन्हीं महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी किया जाएगा, जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा। बस में चढ़ते समय उन्हें इस कार्ड को टैप करना होगा। ऐसी महिला यात्री योजना की शर्तों के अनुसार मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेती रहेंगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry