800 ग्राम के अति-कम वजनी नवजात को जिला चिकित्सालय अनूपपुर के SNCU ने दिया नया जीवन
अनूपपुर
जिला चिकित्सालय अनूपपुर के विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं और समर्पित उपचार से 800 ग्राम वजन वाले एक अति-कम वजनी नवजात को नया जीवन मिला है। विकासखंड कोतमा के ग्राम छोटबेलिया निवासी श्रीमती मालती एवं श्री नारायण अहिरवार के यहां 32 सप्ताह की प्रीमेच्योर डिलीवरी के दौरान जन्मे नवजात को जन्म के समय गंभीर श्वसन संबंधी समस्या थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 28 जून 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी से तत्काल जिला चिकित्सालय अनूपपुर के SNCU में भर्ती कराया गया।
SNCU में शिशु रोग विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ ने नवजात का निरंतर उपचार किया। लगभग 20 दिनों तक बबल सी-पैप (Bubble CPAP) सपोर्ट, आवश्यक जीवनरक्षक उपचार, उचित पोषण तथा संक्रमण से बचाव के लिए विशेष देखभाल उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय टीम की सतत निगरानी और समर्पित प्रयासों से नवजात के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ और एक माह के उपचार के बाद उसका वजन बढ़कर 1 किलोग्राम हो गया।
स्वास्थ्य पूरी तरह स्थिर होने पर नवजात को स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज के समय चिकित्सकों ने परिजनों को कंगारू मदर केयर (KMC), नियमित स्तनपान, स्वच्छता तथा फॉलोअप संबंधी आवश्यक सलाह दी। स्वस्थ नवजात को अपने साथ घर ले जाते समय परिजनों ने जिला चिकित्सालय अनूपपुर की SNCU टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उपचार एवं देखभाल की सराहना की।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
