नई दिल्ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को सरकारी स्कूलों की छात्राओं को मुफ्त साइकल देने वाली 'विद्या वाहिनी' योजना की शुरुआत की। सीएम ने ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में 9वीं कक्षा की 3,000 से अधिक छात्राओं को मुफ्त साइकल बाटे। सीएम ने कहा कि साइकल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। योजना के तहत 1.40 लाख छात्राओं को मुफ्त साइकलें मिलेंगी।
छात्रों ने सीएम गुप्ता को भेंट किए चित्र
सीएम ने छात्राओं से लगन के साथ पढ़ाई करने, साइकल का जिम्मेदारी से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाए चित्र भी भेंट किए। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, स्थानीय विधायक, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
सामूहिक संकल्प का उत्सव
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 'विद्या वाहिनी' प्रत्येक बेटी को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प का उत्सव है। इस योजना से स्कूलों में छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, ड्रॉपआउट की आशंका कम होगी और अभिभावकों की चिंता भी घटेगी।
क्या बोले शिक्षा मंत्री आशीष सूद
वहीं, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि 9वीं में पहुंचने के बाद स्कूल की दूरी और ट्रांसपोर्ट संबंधी कठिनाइयों के कारण कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती रही है। यह योजना इन बाधाओं को दूर करने की दिशा में बड़ा कदम है। दिल्ली सरकार प्रचार के बजाय शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए छात्राओं की वास्तविक जरूरतों पर काम कर रही है। इससे छात्राओं का समय बचेगा और स्कूलों में उपस्थिति बढ़ेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
