LPG e-KYC Update: 16 अगस्त की डेडलाइन से पहले जान लें नियम, वरना गैस सिलेंडर को लेकर हो सकती है परेशानी

देश

नई दिल्ली
 रसोई गैस सिलेंडर बिना तो अब किचन की कल्‍पना भी नहीं की जा सकती. अब लगभग हर घर में गैस सिलेंडर है. सरकार सब्सिडी पर आम आदमी को घरेलू गैस उपलब्‍ध कराती है. सिलेंडर हकदार आदमी को ही मिले, इसके लिए तेल कंपनियों ने ‘नो योर कस्‍टमर’ (KYC) के अनिवार्य किया है. सोशल मीडिया और एसएमएस के माध्‍यम से हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन जैसी कं‍पनियां ग्राहकों से अपना केवाईसी पूरा करने की अपील कर रही हैं. कुछ ऐसी भी खबरें चल रही हैं कि 16 अगस्‍त तक अगर कोई ग्राहक अपना ई-केवाईसी पूरा नहीं करेंगे, उनका आगे से गैस सिलेंडर बुक नहीं होगा और न ही सब्सिडी मिलेगी। 

यह खबर पूरी तरह सही नहीं है. क्‍योंकि कंपनियों ने लोगों से अपना ई-केवाईसी पूरा करने की अपील जरूर की है, लेकिन स्‍पष्‍ट रूप से ऐसा नहीं कहा है कि उनके गैस सिलेंडर की बुकिंग रोक दी जाएगी या उन्‍हें बाजार दर पर सिलेंडर लेना होगा. भारत पेट्रोलियम ने 1 अगस्‍त को अपने आधिकारिक एक्‍स अकाउंट पर एक पोस्‍ट शेयर की. इसमें लिखा था, “बिना किसी रुकावट के एलपीजी सेवा का लाभ जारी रखने के लिए अपना ई-केवाईसी पूरा करें. आसानी से HelloBPCL App के माध्यम से, या आपके गैस एजेंसी जाकर eKYC पूरा करें.” हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम ने भी एक्‍स पर जो पोस्‍ट की है, उसमें भी गैस बुकिंग बंद होने की बात नहीं कही गई है। 

जरूरी है ईकेवाईसी
घरेलू गैस उपभोक्‍ता के लिए केवाईसी करवाना अनिवार्य है. इससे यह सत्‍यापित हो जाता है कि गैस सिलेंडर सही और पात्र व्‍यक्ति को ही मिल रहा है. लेकिन, कंपनियों के बार-बार कहने के बावजूद भी बड़ी संख्‍या में एलपीजी उपभोक्‍ताओं ने अभी केवाईसी नहीं कराया है. अकेले मध्‍य प्रदेश में ही 39 लाख से ज्यादा ग्राहकों की ई-केवाईसी नहीं हुई है। 

कैसे करवाएं एलपीजी ई-केवाईसी?

राहत की बात यह है कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया बेहद आसान है. आप इसे 3 तरीकों से पूरा कर सकते हैं-

    मोबाइल ऐप से: आप इंडियन ऑयल के ग्राहक हैं तो IndianOil ONE ऐप से और अगर हिन्‍दुस्‍तान पेट्रोलियम के कस्‍टमर हैं तो एचपी पे ऐप से घर बैठे बायोमीट्रिक/फेस ऑथेंटिकेशन के माध्‍यम से केवाईसी की प्रक्रिया पूर कर सकते हैं.

    गैस एजेंसी जाकर: अपने आधार कार्ड और गैस कनेक्‍शन की पास बुक लेकर गैस एजेंसी जाएं और वहां अपने फिंगरप्रिंट की सहायता से ई-केवाईसी पूरा करें.

    डिलीवरी बॉय की मदद से: जब सिलेंडर घर आए, तो डिलीवरी मैन के पास मौजूद मशीन से बायोमीट्रिक सत्यापन कराकर आप ई-केवाईसी करा सकते हैं.

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry