World Book of Records, London ने जीआरपी इंदौर को किया सम्मानित

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल 

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" ने सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। अभियान के अंतर्गत शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), रेल इकाई इंदौर द्वारा 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ 4,013 नागरिकों की मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति का संदेश देने की ऐतिहासिक उपलब्धि को World Book of Records, London (United Kingdom) ने सम्मानित किया है। यह सम्मान मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु किए जा रहे नवाचारों एवं प्रभावी सामाजिक जागरूकता अभियानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान का प्रतीक है।

21 जुलाई 2026 को रेल इकाई इंदौर के अंतर्गत आने वाले 16 रेलवे स्टेशनों—इंदौर, उज्जैन, रतलाम, नागदा, नीमच, मेघनगर, शामगढ़, ब्यावरा, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, शाजापुर, मक्सी, देवास, डॉ. अम्बेडकर नगर एवं चंद्रावतीगंज में एक साथ 4,013 नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, रेल यात्रियों, कुलियों (पोर्टरों), रेलवे वेंडरों, सफाई कर्मियों, ऑटो रिक्शा चालकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने "नशे से दूरी है ज़रूरी", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" तथा "स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से जनसामान्य को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता आधारित नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार पहचान मिल रही है। इससे पूर्व इंदौर (दो उपलब्धियाँ), बड़वानी, बुरहानपुर एवं बालाघाट द्वारा आयोजित अभियान संबंधी विशिष्ट जन-जागरूकता कार्यक्रमों को भी World Book of Records, London (United Kingdom) द्वारा विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान की जा चुकी है। जीआरपी इंदौर को प्राप्त यह नवीन सम्मान अभियान की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो मध्यप्रदेश पुलिस के जनहितकारी प्रयासों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति प्रदेशवासियों की व्यापक सहभागिता का वैश्विक प्रमाण है।

मध्यप्रदेश पुलिस भविष्य में भी जनसुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु ऐसे अभिनव अभियानों को निरंतर गति देती रहेगी।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry