खड़गवां में स्वच्छता व्यवस्था का राज्य स्तर पर निरीक्षण, प्लास्टिक प्रबंधन और अपशिष्ट पृथक्करण पर जोर
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत राज्य सलाहकार पुरुषोत्तम पांडा ने विकासखंड खड़गवां की ग्राम पंचायत पौड़ीडीह, खड़गवां एवं लालपुर का निरीक्षण कर ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत स्तर पर अपशिष्ट पृथक्करण तथा प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घरों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, 3R (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) की अवधारणा अपनाने तथा प्लास्टिक के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष बल दिया। पौड़ीडीह में स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
राज्य सलाहकार ने जिले के नवाचार "जोश – जर्नी ऑफ सैनिटेशन एंड हाइजीन" अभियान की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता जागरूकता और रोजगार सृजन की प्रभावी पहल बताया। साथ ही वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) की स्थापना के लिए स्थल चयन एवं स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जनपद पंचायत खड़गवां के सीईओ रूपेश बंजारे, खंड स्वच्छता अधिकारी नीतिज गुप्ता, जनप्रतिनिधि, पंचायत अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
