RPF ने रायपुर स्टेशन पर कसा शिकंजा, नो पार्किंग से अवैध वेंडिंग तक 3800 लोगों पर कार्रवाई

राज्य

रायपुर.

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात और परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके तहत रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माने की कार्रवाई की गई।

नो पार्किंग और अवैध वेंडरों पर कार्रवाई
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान वर्ष 2025-26 में रेलवे अधिनियम की धारा 159 के अंतर्गत नो पार्किंग एरिया में वाहन खड़े करने वाले 2,025 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं धारा 144 के तहत स्टेशन और ट्रेनों में बिना अनुमति सामान बेचने वाले 1,780 अवैध वेंडरों पर भी कार्रवाई की गई।

3800 पर कार्रवाई, वसूला 20 लाख से ज्यादा जुर्माना
दोनों अभियानों में कुल 3,805 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। अभियान का उद्देश्य स्टेशन परिसर को अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और यातायात अव्यवस्था से मुक्त रखना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

लगातार कार्रवाई जारी रहेगी
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन परिसर में नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने, अवैध रूप से फेरी लगाने या बिना अनुमति व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेलवे के नियमों का पालन करें और स्टेशन परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या रेलवे प्रशासन को दें। इससे स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी कर टिकट जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच की। इस दौरान सभी प्लेटफार्म, 14 ट्रेनों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान में कुल 287 मामलों को दर्ज कर 2,45,835 रुपए जुर्माना वसूला गया। बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्री पकड़े गए। वहीं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों को पकड़ा, अधिक लगेज लेकर यात्रा करने के 22, गंदगी, धूम्रपान के 1-1 मामलों में कार्रवाई की गई।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry