दिल्ली में 11 अगस्त को लॉन्च होंगे चार स्पिरिचुअल टूरिज्म सर्किट, ई-बसें चलेंगी

राज्य

नई दिल्ली
दिल्ली सिर्फ इतिहास की अनोखी यादों का ही नहीं, अध्यात्म और अनुभूति का भी शहर है। राजधानी की सैर करने वाले इसे महसूस कर सकें, इसके लिए अब ‘स्पिरिचुअल टूरिज्म’ को विस्तार दिया जा रहा है। दिल्ली सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए टूरिज्म सर्किट तैयार किए हैं। इन्हें पर्यटकों के बीच प्रमोट किया जाएगा और जल्द ही चार सर्किट में इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। सितंबर तक इनके शुरू होने की उम्मीद है। इस थीम पर 11 अगस्त को अक्षरधाम मंदिर में ‘स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव’ भी होने वाला है।

दिल्ली की उन जगहों, जिनकी धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक अहमियत है, उन्हें चुनकर चार अलग-अलग सर्किट में शामिल किया गया है। टूरिज्म विभाग का मानना है कि पर्यटकों को एक ही रूट में कई खास जगहों की सैर का मौका मिल सके, इसलिए यह सर्किट बनाए गए हैं। खासतौर पर कम चर्चित पर्यटन स्थल को टूरिज्म मैप में शामिल किया गया है।

विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि योगमाया मंदिर या फिर आंबेडकर मेमोरियल, ये ऐसी जगह हैं, जिनके बारे में पर्यटक कम जानते हैं। इस वजह से इन्हें जोड़ते हुए चार सर्किट बनाए गए हैं। इन जगहों में धार्मिक स्थल तो हैं ही, दिल्ली के मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास की झलक देने वाली जगह भी हैं।
    ये सर्किट पॉपुलर होंगे तो दिल्ली में पहुंचने वाले टूरिस्ट को राजधानी में नया फ्लेवर मिलेगा। साथ ही इन इलाकों में लोकल गाइड, ट्रांसपोर्ट, रेस्तरां, दुकानदारों समेत बाकी छोटे कारोबारियों के लिए भी आर्थिक मौके बढ़ेंगे।

पहले सोशल मीडिया में प्रमोशन
अधिकारी ने बताया कि पहले फेज में हम इन्फ्लुएंसर्स की मदद से इन्हें प्रमोट करेंगे। इन पर वीडियो, रील्स, पिक्स सोशल मीडिया में अपलोड की जाएगी। 12 अगस्त को हम यूट्यूबर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इन सर्किट का सफर करवाएंगे। इसके बाद पर्यटकों के लिए ये सर्किट खोले जाएंगे, ई-बसें चलाई जाएंगी। एक-एक दिन छोड़कर अलग-अलग रूट्स को शुरुआत में कवर किया जाएगा। इसके बाद इसका रिव्यू होगा।

टूरिज्म मैप में नए रूट
    सर्किट 1: गुरुद्वारा बंगला साहिब, सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल, अग्रसेन की बावली, लोटस टेंपल और अक्षरधाम मंदिर
    सर्किट 2: बिड़ला मंदिर, झंडेवालान मंदिर, जंतर-मंतर, जगन्नाथ मंदिर, योगमाया मंदिर
    सर्किट 3: हनुमान मंदिर, जैन लाल मंदिर, आंबेडकर मेमोरियल, पुराना किला, निजामुद्दीन दरगाह
    सर्किट 4: रकाब गंज साहिब, बुद्ध मंदिर, चर्च ऑफ रिडेम्पशन, महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क, छतरपुर मंदिर

स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव
11 अगस्त को अक्षरधाम मंदिर में ‘स्पिरिचुअल और हेरिटेज टूरिज्म कॉन्क्लेव’ में सीएम रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा पहुंचेंगे। सर्किट इसी दिन लॉन्च किए जाएंगे। आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु मुख्य वक्ता होंगे, शाम को हेरिटेज वॉक भी होगी।
अशोक उपाध्याय

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry