पटना
देश के अलग-अलग हिस्सों में परीक्षा सुधारों के लिए चल रहे छात्र आंदोलनों के बीच बिहार सरकार ने बड़ा एलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर एक व्यक्ति ने भी ईमान बेचा, तो पूरी सरकार पर धब्बा लगता है। इसलिए केंद्र सरकार ने कड़े कानून बनाए हैं, इसे बिहार में कड़ाई से लागू किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने परीक्षा सुधारों की दिशा में काम करने के लिए एक कमेटी बनाने का एलान किया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "एक सबसे बड़ी चुनौती परीक्षा सुधार है। इसके लिए भी एक कमेटी बनानी पड़ेगी, क्योंकि टेक्नोलॉजी इतनी अधिक हो गई है कि अगर एक आदमी ने भी अपना ईमान बेच दिया तो प्रश्न पत्र मार्केट में आ जाता है। पूरे सिस्टम में अगर कोई एक आदमी फेल हो गया तो सब खराब हो जाता है।
उन्होंने कहा कि हम लोगों ने तय किया है कि एक कमेटी इसको लेकर भी बनाई जाएगी और पूरी दुनिया में जिन टेक्नोलॉजी के तहत सभी परीक्षाएं कराई जाती हैं, उसके लिए भी एक कमेटी का गठन किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जितनी भी परीक्षाएं होती हैं, उसमें कुछ न कुछ दिक्कत आ जाती है। अब इस पर फोकस करना पड़ेगा। युवा पीढ़ी को यह नहीं लगना चाहिए कि उनके साथ धोखा हुआ है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
