अहमदाबाद से मध्यप्रदेश में आएगा निवेश? CM डॉ. यादव उद्योग जगत को देंगे विकास का न्योता

मध्य प्रदेश राज्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद में निवेश के लिए उद्योग जगत से करेंगे संवाद

मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ होगा सीधा संवाद

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 12 अगस्त को अहमदाबाद में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस निवेश संवाद में गुजरात के प्रमुख उद्योग समूहों और निवेशकों को मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, अनुकूल निवेश वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी जाएगी। अहमदाबाद रोड शो का उद्देश्य गुजरात के उद्योग जगत के साथ मध्यप्रदेश के निवेश संबंधों को और मजबूत करते हुए प्रदेश में नए निवेश प्रस्तावों को गति देना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव अहमदाबाद प्रवास के दौरान प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। वे उद्योगपतियों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योग की स्थापना के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा निवेशकों के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सहयोग पर सीधे चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ होने वाली इन बैठकों में निवेशकों की आवश्यकताओं और उनके प्रस्तावित निवेश को प्रदेश में धरातल पर उतारने की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा होगी।

अहमदाबाद के ताज स्काईलाइन में आयोजित होने वाले निवेश संवाद में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इसमें प्रदेश की औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश के लिए उपलब्ध भूमि, नीतिगत प्रोत्साहन, तकनीकी एवं कौशल आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे निवेश अवसरों की जानकारी उद्योग जगत के समक्ष रखी जाएगी।

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा निवेशकों की सुविधा के लिए विकसित की गई सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, प्लग एंड प्ले अधोसंरचना तथा निवेश परियोजनाओं के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण को भी प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा। प्रदेश में विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर, आईटी और प्रौद्योगिकी, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, फार्मास्यूटिकल्स, लॉजिस्टिक्स सहित उभरते क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।

अहमदाबाद रोड शो में गुजरात के प्रमुख औद्योगिक समूहों की भागीदारी मध्यप्रदेश के लिए विशेष महत्व रखती है। गुजरात देश के प्रमुख औद्योगिक और उद्यमशीलता केंद्रों में है। ऐसे में गुजरात के उद्योग जगत के साथ मध्यप्रदेश का यह सीधा संवाद दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग को नई गति देने के साथ ही मध्यप्रदेश में बड़े निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश को देश के अग्रणी निवेश और विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार उद्योग जगत से सीधा संवाद कर रही है। इसी क्रम में अहमदाबाद रोड शो के माध्यम से गुजरात के प्रमुख निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाएगा और संभावित निवेश परियोजनाओं को प्रदेश में स्थापित करने के लिए संवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में स्पेसटेक विजन फोरम- मध्यप्रदेश का आयोजन किया जाएगा जिसमें 25 से अधिक प्रमुख स्पेसटेक कंपनियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों, इकोसिस्टम से जुड़े प्रतिनिधियों एवं उद्योग विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की स्पेसटेक पॉलिसी-2026 और प्रस्तावित स्पेसटेक क्लस्टर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही, राज्य में स्पेसटेक क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना, नीतिगत सहयोग, कौशल विकास, परीक्षण सुविधाओं, नवाचार इकोसिस्टम और निवेश के अवसरों पर उद्योग जगत के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

अहमदाबाद में प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ बैठकें और निवेश संवाद मध्यप्रदेश की निवेश यात्रा को गुजरात के मजबूत औद्योगिक नेटवर्क से जोड़ने तथा प्रदेश में नए निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry