सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की 250 मेगावाट इकाई ने लगातार 100 दिन संचालन का बनाया रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल 

मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह, सारनी की 250 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-11 ने 2 मई 2026 से लगातार 100 दिनों तक निर्बाध संचालन का महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किया है।यह यूनिट पिछले पांच वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस यूनिट ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में 202 दिन, वर्ष 2024-25में 235 और वर्ष 2025-26 में 138 दिनों तक लगातार विद्युत उत्पादन करने का रिकार्ड बनाया है। यूनिट के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता एस.के. लिल्होरे और उनकी पूरी टीम को बधाई दी है।

99.91 प्रतिशत प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर

सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-11 का लगातार 100 दिनों तक संचालन संयंत्र की उत्कृष्ट परिचालन विश्वसनीयता और दक्षता को प्रदर्शित करता है। इस अवधि में इकाई ने 99.91 प्रतिशत प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (PAF) तथा 89.31 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) दर्ज किया। साथ ही इकाई का ऑक्जिलरी पावर कंजम्पशन (APC) 8.25 प्रतिशत रहा।

परिचालन उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता

यह प्रदर्शन मानक सतपुड़ा ताप विद्युत गृह में कार्यरत परिचालन, अनुरक्षण एवं सहयोगी टीमों के समर्पित प्रयास, तकनीकी दक्षता और प्रभावी समन्वय का प्रमाण हैं। लगातार 100 दिनों का यह संचालन स्टेशन की परिचालन उत्कृष्टता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है और मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के लिए गौरव का विषय है।

सतत् समर्पण और व्यावसायिक दक्षता से हासिल हुआ लक्ष्य

प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने पूरी टीम को उनके सतत् समर्पण और व्यावसायिक दक्षता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए भविष्य में भी विश्वसनीयता, दक्षता और बेहतर प्रदर्शन के उच्च मानकों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश के विद्युत क्षेत्र के व्यापक हित में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry