Uttarakhand Rain Alert: पहाड़ों में मौसम का तांडव, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित; IMD ने जारी की चेतावनी

देश

देहरादून

उत्तराखंड में आसमान से बादल लगातार आफत बरसा रहे हैं। मौसम विभाग ने आज देहरादून समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं ऑरेंज अलर्ट है। देहरादून में कई घरों में पानी भर गया। देर रात से खबर लिखे जाने तक देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। आज जिला प्रशासन ने देहरादून में सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।

देहरादून में सोमवार को भारी बारिश ने सिर्फ सड़कों को नहीं भिगोया, बल्कि जल निकासी व्यवस्था की भी तस्वीर सामने रख दी। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी और नालियां भी जाम दिखीं। कहीं राहगीरों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा तो कहीं वाहनों की रफ्तार थम गई। सालावाला क्षेत्र के एक घर में पानी घुस गया। देर रात करीब 1:20 बजे तक शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश होती रही।

कई इलाकों में जलभराव
इससे पहले, पटेलनगर, प्रिंस चौक, क्रॉस रोड, डीएल रोड, आर्यनगर, सहस्रधारा रोड और दून अस्पताल के बाहर जलभराव हो गया। नकरौंदा और इंदिरा पुरम से भी सड़क पर पानी भरने की सूचना मिली। डालनवाला क्षेत्र में भाजपा कार्यालय के पास नाली चोक होने से पानी सड़क पर जमा हो गया। जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी जमा होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। उधर, दून नगर निगम के आपदा कंट्रोल रूम में शिकायतें पहुंचती रहीं। सूचना मिलते ही क्विक रिस्पॉन्स टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी गईं। टीमों ने पानी की निकासी और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि जिन इलाकों में जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां टीमें भेजी जा रही हैं।

देहरादून समेत छह जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश संभव
मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दून समेत छह जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर में भारी बारिश संभव है। वहीं, दून में सोमवार को मौसम ने करवट बदली। कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मालदेवता में सर्वाधिक 62.5 मिमी, हाथीबड़कला में 51.5 और सहस्रधारा आईटीआई क्षेत्र में करीब 51 मिमी बारिश दर्ज की गई।

सतर्कता: आज सारे विद्यालय बंद रहेंगे
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने दून में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मंगलवार को 12वीं तक के सारे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं, सोमवार को बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। प्रशासन ने आसपास की बस्तियों में रहने वालों को अलर्ट किया है।

कई जगह पुश्ते टूटे
दून में बारिश के दौरान पुश्ते टूटने से प्रभावित परिवारों ने बस्ती बचाओ आंदोलन के तहत डीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रभावितों ने तत्काल राहत के साथ क्षतिग्रस्त पुश्तों के निर्माण और मुआवजे की मांग उठाई। गांधीग्राम, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी, देवर्षि एन्क्लेव, खुड़बुड़ा मोहल्ला और संगम विहार में नुकसान का उल्लेख किया गया। संयोजक अनंत आकाश के अनुसार, जिलेभर में तीन भवन पूरी तरह और कई घर आंशिक क्षतिग्रस्त हुए हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry