लखनऊ
वर्तमान वित्तीय वर्ष में कृषि योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों के वितरण के लिए 20 व 21 अगस्त को जिलों में ई-लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं प्रदेश स्तर पर हो रही बुकिंग की ई-लॉटरी निदेशालय स्तर से 21 अगस्त को होगी। इस संबंध में कृषि विभाग द्वारा सभी जिलों के उप कृषि निदेशकों को निर्देश जारी किए हैं।
विभाग के अनुसार नेशनल मिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन आदि योजनाओं के तहत किसानों ने विभागीय पोर्टल पर 16 जुलाई से 10 अगस्त तक बुकिंग की थी। प्रमोशन आफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फार इन-सीटू मैनेजमेंट आफ क्राप रेजिड्यू सहित जिन योजनाओं में लक्ष्य के बराबर तक बुकिंग हुई है, उन सभी किसानों की बुकिंग 19 अगस्त को कंफर्म कर दी जाएगी और ई-लॉटरी की आवश्यकता नहीं होगी।
वहीं जिन कृषि यंत्रों के लिए बुकिंंग लक्ष्य से अधिक है, उनके लाभार्थी का चयन ई-लॉटरी से किया जाएगा। इस प्रक्रिया में पारदर्शिता काे डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। प्रकिया ऐसे सार्वजनिक स्थान पर कराने को कहा गया है, जहां अधिक से अधिक किसान इसे देख सकें।
आयोजन स्थल पर बड़ी स्क्रीन और लाउडस्पीकर लगाने के साथ पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराना भी अनिवार्य होगा। जिला स्तर ई-लॉटरी के लिए निर्धारित तिथि, समय व स्थान का चयन कर 19 अगस्त तक अनिवार्य रूप से निदेशालय को भेजने के लिए भी कहा गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
