पूर्णिया
रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट स्टेशन तक नई रात्रिकालीन (नाइट) ट्रेन सेवा का परिचालन शुरू कर दिया गया है। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
पहली बार जब यह नई ट्रेन बनमनखी जंक्शन पहुंची, तो स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और यात्रियों ने उत्साहपूर्वक इसका भव्य स्वागत किया।
डबल इंजन सरकार दे रही नई सुविधाएं: विधायक
इस अवसर पर उपस्थित बनमनखी विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार लगातार जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए आम जनता को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र को पहले से ही जनसेवा एक्सप्रेस, जनहित एक्सप्रेस, जानकी एक्सप्रेस, आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस, हाटे-बाजारे एक्सप्रेस और कोसी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों की कनेक्टिविटी मिल रही है। अब राजधानी पटना (पाटलिपुत्र) से पूर्णिया कोर्ट के बीच नाइट ट्रेन शुरू होने से पटना आने-जाने वाले यात्रियों की राह और आसान हो जाएगी।
छात्र, कारोबारी और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ
विधायक ने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से पटना के लिए एक सुविधाजनक रात्रिकालीन ट्रेन की मांग कर रही थी। रात का सफर होने से लोगों का समय बचेगा और वे सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसका सीधा फायदा उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों, छोटे-बड़े व्यापारियों, नौकरीपेशा वर्ग और इलाज के लिए पटना जाने वाले मरीजों को मिलेगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि इस ट्रेन के नियमित परिचालन और यात्रियों की जेब के अनुकूल किराया निर्धारण को लेकर वे स्वयं रेल मंत्री से मिलकर आवश्यक पहल करेंगे।
अमृत भारत योजना से बदल रही बनमनखी स्टेशन की सूरत
विधायक ने आगे कहा कि बनमनखी जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रेलवे द्वारा स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक शेड, सुव्यवस्थित दुकानों और उन्नत यात्री सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है, जो यह साबित करता है कि सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि विकास की यह गति आगे भी लगातार जारी रहेगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
