भोपाल
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने सीहोर जिले की पारेषण व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय बनाते हुए 132 केवी सब स्टेशन, गोपालपुर में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया है। साथ ही सब स्टेशन की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 90 एमवीए हो गई है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताया कि अब तक इस सब स्टेशन में केवल एक पॉवर ट्रांसफार्मर कार्यरत था। बढ़ते विद्युत भार तथा पारेषण व्यवस्था की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। दो पॉवर ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता से लोड प्रबंधन बेहतर होगा तथा किसी एक ट्रांसफार्मर के रखरखाव अथवा तकनीकी कारणों से बंद रहने की स्थिति में भी विद्युत पारेषण प्रभावित नहीं होगा।
ऊर्जीकृत हुआ 27वां एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज पॉवर ट्रांसफार्मर
एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य ने जानकारी दी कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने के साथ ही सीहोर जिले में कार्यरत एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज पॉवर ट्रांसफार्मरों की संख्या 27 हो गई है। जिले में एमपी ट्रांसको 11 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कार्य संचालित कर रही है। इनमें 400 केवी आष्टा, 220 केवी बुधनी तथा 132 केवी गोपालपुर, शाहगंज, सलकनपुर, इछावर, सीहोर, श्यामपुर और नसरुल्लागंज सहित अन्य सब स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 2607 एमवीए हो गई है।
एमपी ट्रांसको की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,398 एमवीए
एमपी ट्रांसको प्रदेश में 417 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सब स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कार्य संचालित कर रही है, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 315 सब स्टेशन शामिल हैं।
कंपनी के प्रदेशभर में कुल 1,055 पॉवर ट्रांसफार्मर क्रियाशील हैं, जिनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 794 पॉवर ट्रांसफार्मर शामिल हैं। गोपालपुर में 50 एमवीए क्षमता का नया पॉवर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने से एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,398 एमवीए हो गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
