लगातार बारिश से Bastar में बाढ़ जैसे हालात, इंद्रावती नदी डेंजर लेवल के पार

छत्तीसगढ़ रायपुर

जगदलपुर.

बस्तर में लगातार हो रही बारिश के चलते अंचल की प्रमुख नदियां और नदी-नाले उफान पर हैं. इंद्रावती नदी का जलस्तर इस सीजन में पहली बार डेंजर लेवल को पार कर गया है. सोमवार दोपहर 2 बजे नदी का जलस्तर 8.67 मीटर तक पहुंच गया.

जलस्तर में लगातार प्रति घंटे करीब 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही है. इससे नदी किनारे बसे गांवों रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. उल्लेनीय है कि इंद्रावती के बढ़ते जलस्तर का असर आवागमन पर भी पड़ने लगा है. इन्द्रावती नदी का पुराना पुल पानी में डूब गया है, जिसके चलते इस मार्ग से आवागमन बंद हो गया. वहीं कलचा मार्ग पर भी पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई है. बेलगांव-नगरनार मार्ग भी बंद हो गया है. नदी-नालों के उफान पर होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इंद्रावती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है.

जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो निचले इलाकों में पानी पहुंचने की आशंका है. ऐसे में बाढ़ प्रभावित परिवारों को घरों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और बेघर होने की चिंता सताने लगी है. ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. वहीं अब भी ओड़िशा में भारी बारिश होने की खबर मिल रही है, ऐसे में बस्तर में बाढ़ का खतरा बढ़ने की संभावना है. सीडब्लूसी के मुताबिक इंद्रावती नदी का जलस्तर प्रति घंटे करीब 10 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है. भारी बारिश के कारण नदी में लगातार पानी की आवक बनी हुई है. ऐसे में आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन और स्थानीय लोग नदी किनारे के क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. इस सीजन में पहली बार इंद्रावती नदी के डेंजर लेवल पार करने से बस्तर में बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है. नदी-नालों के उफान को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

इंद्रावती नदी में लापता महिला का मिला शव
जगदलपुर. कोहकापाल क्षेत्र में इंद्रावती नदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान नयामुंडा निवासी 55 से 60 वर्षीया महिला के रूप में हुई है, जो स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थी. बताया जा रहा है कि परिजनों ने 16 अगस्त को बोधघाट थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. कोहकापाल के पास नदी किनारे शव तैरता देख स्थानीय लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका मिर्गी की बीमारी से ग्रस्त थी. फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के असली कारणों का पता लगाने में जुट गई है.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry