भिलाई नगर.
इंजीनियरिंग में प्रवेश से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक और मौका दिया है। तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के यूटीडी में सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर यूनिवर्सिटी लेवल स्पॉट राउंड एडमिशन आयोजित किया जाएगा।
खास बात यह है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह फिजिकल रिपोर्टिंग के आधार पर होगी और चयन जेईई मेन्स 2026 के स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा। वहीं बीटेक (ऑनर्स) के विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए 31 अगस्त से 12 सितंबर तक स्पॉट राउंड चलेगा। इसमें रविवार और अवकाश के दिनों को शामिल नहीं किया गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई के एडमिशन सेल, बेसमेंट विश्वेश्वरैया भवन यूटीडी-1 में रिपोर्ट करना होगा। यूटीडी में स्पॉट राउंड के तहत छात्र – छात्राओं को बीटेक (ऑनर्स) कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग ( डेटा साइंस), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
स्पॉट राउंड में प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रवेश
प्रक्रिया तय समय-सारिणी के अनुसार होगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक एडमिशन फॉर्म भरने एवं रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे मेरिट सूची प्रदर्शित की जाएगी। मेरिट के आधार पर चयनित छात्रों का दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक प्रवेश किया जाएगा।
जेईई मेंस स्कोर होगा चयन का आधार : बीटेक पाठ्यक्रमों में चयन जेईई मेंस 2026 के आधार पर होगा। अभ्यर्थी के पास वैध जेईई मेन्स 2026 स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। साथ ही 10 प्लस 2 परीक्षा उत्तीर्ण होना तथा एआईसीटीई एवं विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुसार मुख्य विषयों में कम से कम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। सीटों का आवंटन एवं पात्रता संबंधी अन्य नियम विश्वविद्यालय तथा लागू काउंसलिंग नियमों के अनुसार होंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
