जयपुर
सरकारी विद्यालयों में रिक्त पदों पर शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए शिक्षा विभाग ने विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के प्रथम चरण में माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
बता दें कि जयपुर जिले के सभी ब्लॉक में कुल 638 पद रिक्त है। इनमें गणित, अंग्रेजी, हिंदी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत विषयों के पद शामिल हैं। सबसे अधिक 186 पद गणित, 138 अंग्रेजी, 126 हिंदी और 112 पद विज्ञान विषय के हैं।
विराटनगर में सबसे कम पद
जयपुर जिले में सबसे अधिक 57 पद फागी, 53 शाहपुरा, 49 सांभरलेक, 47 मौजमाबाद और 40 पद दूदू ब्लॉक में रिक्त है। वहीं, विराटनगर में सबसे कम 3 और गोविंदगढ़ में 8 पद रिक्त हैं। चयनित गेस्ट फैकल्टी को प्राध्यापक सहित विभिन्न शिक्षक पदों के लिए प्रति घंटा 400 रुपए मानदेय मिलेगा।
सेवानिवृत्त शिक्षकों को प्राथमिकता
विद्या संबल योजना के तहत सेवानिवृत्त शिक्षक और निजी अभ्यर्थी दोनों आवेदन कर सकेंगे। सेवानिवृत्त शिक्षक की अधिकतम आयु 65 वर्ष और संबंधित पद के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता होना आवश्यक है। चयन में शैक्षणिक योग्यता को 75 प्रतिशत और प्रशैक्षणिक योग्यता को 25 प्रतिशत प्राथमिकता दी जाएगी। सेवानिवृत्त कार्मिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन में किसी तरह का साक्षात्कार नहीं होगा।
यह रहेगी भर्ती प्रक्रिया
विभाग की जारी गाइडलाइन के अनुसार, पात्र अभ्यर्थी 1 से 7 सितंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक रिक्त पदों वाले विद्यालय के प्राचार्य/पीईईओ को आवेदन कर सकेंगे। आवेदनों की सूची 8 सितंबर को जारी होगी। 9 से 10 सितंबर तक आवेदनों की जांच और अस्थायी वरीयता सूची जारी की जाएगी।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद 11 सितंबर को अंतिम वरीयता सूची एवं चयन सूची तैयार होगी। जिला स्तरीय समिति 15 सितंबर को चयन सूची का अनुमोदन कर नियुक्ति आदेश जारी करेगी। यह प्रक्रिया फिलहाल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के लिए शुरू की गई है।
जयपुर जिले में ब्लॉकवार कुल रिक्त पद
क्रम ब्लॉक रिक्त पद क्रम ब्लॉक रिक्त पद
1 आमेर 25 11 रेनवाल 39
2 आंधी 23 12 कोटखावदा 27
3 बस्सी 37 13 माधोराजपुरा 23
4 चाकसू 38 14 मौजमाबाद 47
5 दूदू 40 15 फागी 57
6 गोविंदगढ़ 8 16 सांभर लेक 49
7 जालसू 33 17 सांगानेर 29
8 जमवारामगढ़ 39 18 शाहपुरा 53
9 जोबनेर 34 19 विराटनगर 3
कुल 638
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
