32 बोतल महंगी शराब संग 10.72 लाख कैश बरामद, जालंधर में तस्कर दबोचा गया

राज्य

जालंधर.

जालंधर शहर के थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 32 बोतल महंगी शराब के अलावा 10 लाख 71 हजार 990 रुपये की नकदी, हुक्का-चिलम, मोबाइल फोन और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपित के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं।

पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने बताया कि थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी निरीक्षक जय इंदर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। 30 अगस्त को उपनिरीक्षक बलविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान आबकारी निरीक्षक मनजीत सिंह के मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बाबा काहनदास नगर निवासी तरसेम सिंह उर्फ सेमा को काबू किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से ब्लैक लेबल की आठ बोतलें, बैलेंटाइन व्हिस्की की 10 और जेम्सन व्हिस्की की चार बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा तीन हुक्का चिलम और तीन हुक्का पाइप भी मिले। आरोपित के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 10 लाख 71 हजार 990 रुपये बरामद हुए।

पांच मोबाइल और सोने के आभूषण भी मिले
पुलिस ने आरोपित से नकदी और शराब के अलावा एक एप्पल मोबाइल, एप्पल टैब, सैमसंग मोबाइल, बटन वाला सैमसंग फोन और वीवो मोबाइल बरामद किया। इसके साथ दो सोने की बालियां और चार सोने की अंगूठियां भी मिली हैं। पुलिस अब नकदी और अन्य सामान के स्रोत की जांच कर रही है।

शराब के पुराने मामलों में भी नाम
पुलिस के अनुसार तरसेम सिंह के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं। इनमें 2011 में मारपीट और घर में घुसने, 2015 में मारपीट व चोरी तथा अवैध शराब से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2015, 2017, 2018 और 2022 में भी उसके खिलाफ अवैध शराब से संबंधित मामले दर्ज हुए थे। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद लाखों रुपये कहां से आए और क्या इनका अवैध शराब के कारोबार से कोई संबंध है। साथ ही पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry