करेंसी एक्सचेंज के नाम पर धोखाधड़ी का खेल खत्म, 3 आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने जब्त किए 2.40 लाख रुपए

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल 

प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नागरिकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी की घटनाओं में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजगढ़ जिले के थाना पचोर पुलिस ने करेंसी एक्सचेंज के नाम पर 05 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 02 लाख 40 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सारंगपुर श्री अरविन्द सिंह के पर्यवेक्षण में थाना पचोर पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

25 अगस्त को सारंगपुर निवासी फरियादी द्वारा थाना पचोर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि एक महिला एवं दो पुरुषों द्वारा पचोर मंडी में करेंसी एक्सचेंज के नाम पर छल-कपटपूर्वक उसके साथ 05 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पचोर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पचोर पुलिस द्वारा आरोपियों की पतारसी एवं धोखाधड़ी की राशि की बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से धोखाधड़ी की राशि में से 02 लाख 40 हजार रुपये नगद जब्त किए।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। धोखाधड़ी की शेष राशि की बरामदगी तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित सहयोगियों के संबंध में विवेचना जारी है। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग एवं आधुनिक पुलिसिंग के माध्यम से निरंतर कार्रवाई कर रही है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry