Durg News: ट्रांसपोर्ट नगर में ₹105.85 लाख से बनेगी सीसी रोड, आवागमन होगा बेहतर

छत्तीसगढ़ रायपुर

दुर्ग के ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपए की लागत से बनेगी सीसी रोड

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन

रायपुर, 
 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से जारी है। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15, ट्रांसपोर्ट नगर में 105.85 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंत्री यादव ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सीसी रोड के निर्माण से इस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था काफी बेहतर होगी। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी सुविधा मिलेगी और परिवहन गतिविधियों को भी सुगमता प्राप्त होगी। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्ग शहर में नागरिकों के जीवन को और सुगम बनाने के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कई कार्य लगातार किए जा रहे हैं।