RERA के निर्देशों को बिल्डर ने किया नजरअंदाज, न विज्ञापन हटाया और न भरा जुर्माना

छत्तीसगढ़ रायपुर

 रायपुर

जमीन और मकान खरीदने वालों को सुरक्षित निवेश का भरोसा देने के लिए बने रेरा के आदेशों की भी अनदेखी हो रही है। रायपुर जिले के डूमर में करीब 50 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित 'गोदरेज प्रापर्टीज रेसिडेंशियल प्लॉट्स' के नाम से सोशल मीडिया पर प्लॉट बेचने का प्रचार किया गया।

फेसबुक पर जारी विज्ञापनों में 1000 वर्गफीट के प्लॉट की कीमत 44 लाख, 1250 वर्गफीट की 55 लाख और 1500 वर्गफीट के प्लॉट की कीमत 65 लाख रुपये बताई गई थी।

मामले में छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने 21 जनवरी 2026 को विज्ञापन हटाने और प्रतिदिन 10 हजार रुपये शास्ति लगाने का आदेश दिया था। इसके बावजूद न तो विज्ञापन हटाया गया और न ही जुर्माने की राशि जमा की गई।