कौन हैं पूर्व IAS शैलेश पाठक? MP के नए इकोनॉमिक कॉरिडोर में मिली बड़ी जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल
मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए पूर्व आईएएस शैलेश पाठक को तीन साल का वाइस चेयरमैन नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री इस स्पेशल पर्पस व्हीकल के अध्यक्ष होंगे, जिससे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग शीर्ष स्तर पर होगी। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने नियुक्ति की अधिसूचना जारी की है। पूर्व आईएएस पाठक को प्रोजेक्ट की रूपरेखा और रूट मैपिंग तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कौन हैं शैलेश पाठक?
शैलेश पाठक 1990 बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने प्रशासन के बाद कॉरपोरेट जगत में गहरी पैठ बनाई है। वह श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स और IIM कलकत्ता के पूर्व छात्र रह चुके हैं।

    बस्तर और जबलपुर समेत कई संवेदनशील जिलों में रह चुके हैं डीएम
    FICCI के महासचिव और NSE के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में भी किया है काम

कॉरिडोर की मेगा प्लानिंग और रूट मैपिंग
शैलेश पाठक अगले 18 महीनों में कॉरिडोर का फ्रेमवर्क तैयार करेंगे और संभावित रूटों की पहचान करेंगे। इसके लिए उद्योगपतियों के साथ बैठकें कर रिपोर्ट सीधे एसपीवी चेयरमैन को सौंपी जाएगी।

    सड़कों का निर्माण राज्य सरकार द्वारा अधिकृत अन्य एजेंसियां अलग से करेंगी
    अगले 3 से 6 महीने में आष्टा और घरमपुरा इंडस्ट्रियल पार्क का मास्टर प्लान तय होगा

100 करोड़ की पूंजी और 3 लाख एकड़ का लक्ष्य
सरकार ने 'जबलपुर-इंदौर इकोनॉमिक कॉरिडोर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड' को 100 करोड़ रुपए की शुरुआती शेयर पूंजी दी है। इस 600 किमी लंबे इंडस्ट्रियल बेल्ट से कई बड़े जिले जुड़ेंगे।

    शुरुआती चरण में 10,000 एकड़ औद्योगिक भूमि विकसित करने का लक्ष्य
    दीर्घकाल में 3 लाख एकड़ विस्तार और 1 लाख करोड़ से अधिक निवेश का अनुमान