सिर्फ 12 रुपये में गोल्ड और 15 रुपये में सिल्वर! ETF के जरिए सोना-चांदी खरीदने का बढ़ा ट्रेंड, समझें पूरा गणित

बिज़नेस

मुंबई 

सोने-चांदी सस्ते होते जा रहे हैं, लोग खरीदते जा रहे हैं. क्योंकि अब 12 रुपये में प्योर सोना और 15 रुपये में चांदी मिल रही है, जिससे पिछले कुछ वर्षों में सोने-चांदी में निवेश करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है. इसका मुख्य कारण खरीदारी के पैटर्न में आया बदलाव है. मुख्यतौर पर सोना-चांदी खरीदने के दो विकल्प हैं- फिजिकल और डिजिटल। 

डिजिटल खरीदारी में आए बदलाव ने छोटे-छोटे निवेशकों को सोने-चांदी में निवेश के लिए आकर्षित किया है. खासकर जब से गोल्ड-सिल्वर के ETF मार्केट में आए हैं. आंकड़े बता रहे हैं कि भारतीय खुदरा निवेशकों का रुझान गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) की ओर तेजी से बढ़ा है. पिछले एक साल के दौरान इन फंड्स में रिकॉर्ड निवेश देखने को मिला है। 

बाजार में इस समय टाटा गोल्ड ETF लगभग 12 रुपये में, Groww Gold ETF 12 रुपये में, Angel One Gold ETF 12 रुपये में और DSP Gold ETF करीब 12 रुपये में मिल रहे हैं. जबकि मार्केट में सोने का भाव 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है. एक ग्राम खरीदने के लिए भी करीब 13 हजार रुपये की जरूरत होगी. जबकि ETF के माध्यम निवेशक सिर्फ 12 रुपये में सोना खरीद रहे हैं. अगर 12-15 रुपये सोना-चांदी बिक रहे हैं तो जाहिर है, निवेशक आकर्षित होंगे। 

बता दें, मौजूदा समय में चांदी 1.50 लाख रुपये प्रति किलो है. जबकि ETF के माध्यम से 15 रुपये में मिल रहा है. टाटा सिल्वर ETF, Groww सिल्वर ETF और कोटक सिल्वर ETF, DSP Silver ETF, Quant Silver EFT करीब 15 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से उपलब्ध हैं. Angle One silver ETF का एक यूनिट तो 5 रुपये में मिल रहा है. ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या महज 12 से 15 रुपये की सस्ती यूनिट कीमत ही निवेशकों के इस भारी उत्साह की असली वजह है?

'सस्ता' नहीं, बल्कि 'छोटी यूनिट'
निवेश की दुनिया में अक्सर यह भ्रम होता है कि 12 रुपये वाला ETF, 100 रुपये वाले ETF से सस्ता है. असल में किसी ETF की प्रति यूनिट कीमत (NAV) इस बात पर निर्भर करती है कि फंड हाउस ने एक यूनिट को सोने या चांदी की कितनी मात्रा (जैसे 0.01 ग्राम या 0.1 ग्राम) से जोड़ा है.उदाहरण के लिए अगर सोने की कीमत 1,21,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है, तो 0.001 ग्राम सोने का मूल्य लगभग 12 रुपये होगा। 

हालांकि जहां फिजिकली सोना या चांदी खरीदने के लिए हजारों या लाखों रुपये एक साथ चाहिए होते हैं, वहीं 12-15 रुपये प्रति यूनिट होने से छात्र, नौकरीपेशा और नए निवेशक अपनी जेब के अनुसार हर महीने छोटी-छोटी राशि से निवेश कर पा रहे हैं. हालिया क्रैश में जब सोना 1.21 लाख रुपये और चांदी 1.50 लाख रुपये के आसपास फिसली, तो निवेशकों को कम कीमत पर अधिक यूनिट्स जमा करने का आकर्षक मौका मिला। 

केवल 12-15 रुपये की कम कीमत ही नहीं, बल्कि कई अन्य ठोस कारणों ने भी गोल्ड और सिल्वर ETF की लोकप्रियता को बढ़ाया है. फिजिकल सोना-चांदी खरीदने पर मेकिंग चार्ज, शुद्धता की चिंता और लॉकर में रखने का खर्च आता है. इसके विपरीत ETF में 99.5% से 99.9% तक शुद्ध धातु होती है और यह सीधे डीमैट खाते में सुरक्षित रहती है. शेयर बाजार के कामकाज के समय निवेशक कभी भी मौजूदा बाजार भाव पर अपनी यूनिट्स खरीद या बेच सकते हैं, जिससे तुरंत नकदी की सुविधा मिलती है।  

हालांकि निवेशकों को ETF चुनते समय केवल 12 या 15 रुपये की कम कीमत देखकर फैसला नहीं लेना चाहिए. फंड का एक्सपेंस रेशियो, ट्रैकिंग एरर और बाजार में उसकी लिक्विडिटी जरूर जांचनी चाहिए। 

ETF का जलवा
आलम ये है कि सितंबर 2026 के अंत तक गोल्ड ETF का कुल AUM ₹1,86,310 करोड़ के पार पहुंच चुका है. वहीं सिल्वर ETF का कुल AUM ₹81,636 करोड़ के स्तर पर पहुंच गया है. एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के आंकड़ों (नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक की 12 महीनों की अवधि) के मुताबिक पिछले एक साल में भारतीय निवेशकों ने गोल्ड और सिल्वर ETF में रिकॉर्ड ₹88,505 करोड़ का शुद्ध निवेश किया है. जिसमें गोल्ड ETF में ₹64,788 करोड़ और सिल्वर ETF में ₹23,717 करोड़ का निवेश आया है. सिर्फ जनवरी 2026 में गोल्ड ETF में ₹24,040 करोड़ का रिकॉर्ड मासिक निवेश दर्ज किया गया था। 

वहीं जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच सिल्वर ETF में ₹17,601 करोड़ का शुद्ध निवेश हुआ है. जबकि पूरे कैलेंडर वर्ष 2025 में यह आंकड़ा ₹23,472 करोड़ था. आंकड़े बता रहे हैं कि म्यूचुअल फंड से ज्यादा गोल्ड सिल्वर ETF को निवेशक तरजीह दे रहे हैं. गोल्ड-सिल्वर ETF और फंड ऑफ फंड्स (FoF) म्यूचुअल फंड दोनों ही सोने और चांदी में निवेश करने के आसान तरीके हैं, लेकिन इनमें काम करने के तरीके, खाते की जरूरत और खर्च में बड़ा अंतर है। 

सीधा जवाब यह है कि खर्च के मामले में गोल्ड-सिल्वर ETF हमेशा सस्ता पड़ता है, क्योंकि FoF में अंडरलाइंग ETF के खर्च के ऊपर म्यूचुअल फंड का अतिरिक्त खर्च भी जुड़ जाता है. आंकड़ों से साफ है कि सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद निवेशकों ने घबराकर पैसे निकालने के बजाय गिरावट में खरीदारी की रणनीति अपनाई है।