पैसों से भरा बैग देकर बोलीं चार बहनें- ‘साहब! दौलत नहीं, हमें सिर्फ न्याय चाहिए’

मध्य प्रदेश राज्य

डिंडौरी

नर्मदा नदी में निर्माणाधीन राघवपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना में डूब क्षेत्र में आने वाली जमीन के मुआवजे राशि को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। बुधवार को चार बहनें पांच लाख रुपये से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गई।

उन्होंने एसपी के टेबल पर थैला रखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे से मदद की गुहार लगाई और अपनी बहन मल्ली बाई के पति चूरामन भरिया से मुआवजे की राशि में से शेष पांच लाख रुपये दिलाने की मांग की। इस मामले में पहले ही दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये में समझौते की बात सामने आ चुकी है।

दूसरी ओर चूरामन ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल पर पांच लाख रुपये लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में प्रधान आरक्षक द्वारा आरोपो को पूरी तरह से निराधार और मनगढ़ंत बताया है। आरोप लगाया गया कि मुआवजा की राशि बहनों को देने से बचने के लिए चूरामन द्वारा पुलिस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।

16 एकड़ जमीन और 29.80 लाख रुपये के मुआवजे से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार ग्राम मरवारी निवासी भादू सिंह और फुली बाई की छह बेटियां थीं, जिनके नाम कलावती, कलिया, मल्ली, हेमवती, भगवती और रजनी बताए गए हैं। दंपती का कोई बेटा नहीं था।

सभी बेटियों की शादी होने के बाद बुढ़ापे में सहारे के लिए भादू सिंह ने अपनी बेटी मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ घर में रखा था। भादू सिंह की वर्ष 1998 और फुली बाई की वर्ष 1999 में मृत्यु हो गई।

बताया गया है कि माता-पिता के अंतिम संस्कार सहित अन्य पारिवारिक कार्यक्रम सभी बहनों ने मिलकर किए थे।बताया गया कि दंपति की करीब 16 एकड़ जमीन का दानपत्र मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम था।

दोनों इस जमीन पर खेती करते थे। बाद में राघवपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कारण उक्त जमीन डूब क्षेत्र में आ गई और इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपये मुआवजा निर्धारित किया गया।

मुआवजे की जानकारी मिलने के बाद चार बहनों ने जमीन में अपने हिस्से का दावा करते हुए राशि की मांग की। इस मुद्दे पर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद विवाद पुलिस तक पहुंच गया।

10 लाख रुपये में समझौते की बात, पांच लाख नकद देने का दावा

मामले में चार बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत की थी। शिकायत प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल के पास पहुंची। बताया गया कि पुलिस ने पक्षों को न्यायालय जाने की सलाह दी थी। बहनों ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहते हुए विवाद को स्थानीय स्तर पर सुलझाने की इच्छा जताई।

इसके बाद प्रधान आरक्षक द्वारा चूरामन से फोन पर संपर्क किए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये देने को लेकर समझौते की बात हुई थी। इसमें पांच लाख रुपये नकद देने और शेष पांच लाख रुपये बैंक से लाकर देने की बात कही गई। बताया गया कि पंचायत के सामने चुरामन द्वारा चार बहनों को 5 लाख तो दे दिए गए। शेष 5 लाख देने में आनाकानी की जाने लगी और पुलिस पर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

चूरामन ने प्रधान आरक्षक पर लगाए पांच लाख रुपये लेने के आरोप

चूरामन भरिया ने एसपी कार्यालय पहुंच शिकायत देकर आरोप लगाया कि मुआवजे की राशि से प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल ने पांच लाख रुपये ले लिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इसके बाद कलावती, हेमवती, भगवती और कलिया एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपनी शिकायत रखी।

बुधवार को चारों बहनें एसपी कार्यालय पहुंचीं। इस बार उनके साथ पांच लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उन्होंने झोले में रखकर एसपी कार्यालय की टेबल पर रखा और मदद की मांग की। उनका कहना था कि मुआवजे के विवाद में उन्हें न्याय दिलाया जाए तथा उनकी मांग के अनुसार शेष पांच लाख रुपये भी दिलाए जाएं।

हेमवती ने पुलिस को पैसे देने वाले आरोप को बताया गलत

हेमवती ने बताया कि मल्ली बाई पति चूरामन के खाते में बांध के मुआवजे का पूरा पैसा गया है। हम चार बहनों को 10 लाख देने के लिए कहा गया था, लेकिन चूरामन के द्वारा 5 लाख ही दिया गया है। चूरामन के द्वारा 5 लाख रुपये बैंक से निकालने को कहकर चला गया, दोबारा नहीं आया। बचे पैसे मांगने पर शिकायतबाजी करने लगा। हेमवती ने पुलिस को पैसे देने के आरोप को गलत बताया।

एसपी ने दी पंचायत, कलेक्टर कार्यालय और सिविल कोर्ट जाने की सलाह

चारों बहनों की बात सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने उन्हें आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी। उन्होंने गांव में पंचायत करने, कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देने और समाधान नहीं होने पर सिविल न्यायालय जाने का रास्ता बताया।

एसपी के अनुसार, पुलिस का काम आपराधिक मामलों में कार्रवाई करना है, जबकि जमीन के स्वामित्व, हिस्सेदारी और मुआवजे की राशि से जुड़े विवादों का समाधान संबंधित राजस्व प्राधिकारी या सक्षम न्यायालय के माध्यम से कराया जा सकता है।