22 सांसदों वाली DMK का बड़ा फैसला, परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार के समर्थन में उतरे स्टालिन

देश

नई दिल्ली

 परिसीमन बिल की लड़ाई में मोदी सरकार को बड़ी सफलता हाथ लगी है. 22 सांसदों वाली पार्टी डीएमके ने परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का समर्थन दे दिया है. सूत्रों का कहना है कि एमके स्टालिन की डीएमके यानी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने आज यानी शनिवार को एक अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया. 30 नवंबर को सरकार ने लोकसभा का विशेष सत्र बुलाया है. उस दिन यानी 30 नवंबर सोमवार को यह परिसीमन बिल लोकसभा में पेश हो सकता है. राज्यसभा का विशेष सत्र 2 दिसंबर को है। 

जी हां, डीएमके यानी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) का समर्थन करेगी. संविधान संशोधन को पारित करने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की कोशिशों में डीएमके के 22 लोकसभा सांसद अहम भूमिका निभा सकते हैं। 

 रिपोर्ट के मुताबिक, डीएमके इस विधेयक का समर्थन करने की इच्छा जताई है. केंद्र सरकार ने पार्टी अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की दो प्रमुख मांगों को मान लिया है. पहली- लोकसभा सीटों में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को सुरक्षित रखना और दूसरी- राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात को अगले 25 वर्षों तक यथावत बनाए रखना। 

मोदी सरकार को मिला डीएमके का साथ
डीएमके के शीर्ष सूत्रों ने  बताया, ‘उन्होंने वह दे दिया है, जिस पर हमारे नेता ने जोर दिया था. इससे साफ होता है कि पार्टी ने इस विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है. पार्टी का यह समर्थन एनडीए की संख्या बल को मजबूत कर सकता है, क्योंकि उसे संसद के दोनों सदनों में संविधान संशोधन पारित करने के लिए विशेष बहुमत की आवश्यकता है. अनुच्छेद 368 के तहत संविधान संशोधन के लिए प्रत्येक सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और सदन में उपस्थित तथा मतदान करने वाले सदस्यों का कम से कम दो-तिहाई बहुमत होना जरूरी है। 

डीएमके के अन्य नेताओं ने क्या कहा?

पार्टी के अनुसार, संशोधित प्रस्ताव उसकी मुख्य चिंताओं को दूर करता है। इसमें सभी राज्यों में सीटों की संख्या में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है, जबकि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को बरकरार रखा गया है।

पार्टी ने कहा कि इस तरीके से अगले 25 वर्षों तक राज्य के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रक्षा होगी और साथ ही महिलाओं के आरक्षण को भी लागू किया जा सकेगा। डीएमके के उप-महासचिव और सांसद ए. राजा ने कहा कि यह फैसला तमिलनाडु की सीटों के हिस्से को सुरक्षित रखने के सिद्धांत पर लिया गया है।

ए. राजा ने कहा, "हमने यह फैसला इस सिद्धांत के आधार पर लिया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए… हम 59 सीटों के आंकड़े पर सहमत हुए हैं। अध्यक्ष ने हमें जरूरत पड़ने पर कोई भी अन्य संशोधन करने का पूरा अधिकार दिया है। जब कांग्रेस पार्टी हमारे गठबंधन का हिस्सा थी, तब भी कांग्रेस पार्टी की यही मांग थी। परिसीमन की प्रक्रिया निष्पक्ष होनी चाहिए। परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके का रुख आज भी वही है जो कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन में रहने के दौरान था।"

उन्होंने आगे कहा, "हमारी लगातार यही मांग रही है कि 7.18 प्रतिसथ (लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी) का हिस्सा नहीं बदला जाना चाहिए। अभी इसे बरकरार रखा गया है। बेशक, कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दे हैं। हम उन्हें सुलझा लेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम संशोधन पेश करेंगे।"

डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कहा कि उनकी पार्टी एक निष्पक्ष परिसीमन प्रक्रिया की मांग कर रही थी। उन्होंने कहा कि सीटों में एक समान बढ़ोतरी होने से यह सुनिश्चित होगा कि किसी राज्य को अनुचित तरीके से फायदा या नुकसान न हो।

डीएमके की कितनी ताकत?
लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं और राज्यसभा में 8 सांसद हैं.  ऐसे में सरकार की विधायी योजनाओं के लिए उनका समर्थन काफी अहम है. केंद्र के संशोधित फॉर्मूले में हर राज्य के लिए लोकसभा सीटों में एक समान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है, जबकि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाएगा. लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है और सीटों का मौजूदा वितरण अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहेगा। 

भाजपा ने साधा था संपर्क
प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भाजपा और डीएमके के बीच लंबी बातचीत के बाद स्टालिन की पार्टी ने यह रुख अपनाया है. सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने डीएमके के सामने यह संशोधित फॉर्मूला रखा था. भाजपा ने ही अप्रोच किया था. भाजपा का तर्क है कि इससे दक्षिणी राज्यों के हितों की रक्षा होगी और जनसंख्या के आधार पर होने वाले परिसीमन से उनका प्रतिनिधित्व कम नहीं होगा। 

स्टालिन ने क्या कहा था?
इससे पहले एम.के. स्टालिन ने जोर देकर कहा था कि लोकसभा के प्रस्तावित विस्तार के बावजूद इसमें तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी मांग की थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर संसदीय सीटों का जो अंतर-राज्यीय बंटवारा अभी लागू है, उसे अगले 25 वर्षों तक यथावत रखा जाए।