उद्योग स्थापित करने के नाम पर कौड़ी के मोल ली गई जमीन… अब कंपनी मालिक व जमीन दलाल तलब

बिलासपुर

बिलासपुर
उद्योग लगाने के नाम पर मस्तूरी ब्लाक के पाराघाट, बेलटुकरी और भनेसर के किसानों से खेती योग्य जमीन लेकर वसुंधरा स्टील एंड पावर लिमिटेड के संचालक सुशील जालान ने ऊंची कीमत पर पूरी जमीन राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड को बेच दी है। प्रभावित किसानों ने सुशील जालान के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने और जमीन वापसी के लिए कलेक्टर, आइजी व एसपी से मांग की है। किसानों की शिकायत अब रंग लाने लगी है। शिकायत के 24 घंटे के भीतर ही एंटी करप्शन ब्यूरो ने दो कंपनियों के बीच जमीन का सौदा करने वाले जमीन दलाल को नोटिस जारी कर तलब किया है। जमीन दलाल को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी होगी। इसके अलावा जमीन के सौदेबाजी के एवज में कितनी राशि बतौर कमीशन मिली यह भी बताना होगा।

एंटी करप्शन ब्यूरो के नोटिस के बाद ऐसा माना जा रहा है कि किसानों से उद्योग स्थापित करने के नाम पर कौड़ी के मोल ली गई जमीन के पाई-पाई का हिसाब दोनों ही कंपनियों के संचालकों को देना होगा। एसीबी ने सबसे पहले वसुंधरा स्टील एंड पावर लिमिटेड और राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के बीच जमीन का सौदा कराने वाले और कीमत तय कराने में अहम भूमिका निभाने वाले जमीन दलाल को तलब किया है।

एसीबी ने दोनों कंपनियों के बीच गुपचुप तरीके से सौदेबाजी कराने वाले अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले दलाल को खोज निकाला है। एसीबी ने नोटिस जारी कर कार्यालय तलब किया है। माना जा रहा है कि उसकी भूमिका के साथ ही जमीन की सौदेबाजी को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। जमीन दलाल के खुलासे के बाद कई और बातें सामने आएगी।

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के अलावा वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने वर्ष 2010 में सरकुलर जारी किया था। जिसमें कहा गया है कि नेशनल पार्क या वन क्षेत्र के 10 किलोमीटर की परिधि में उद्योग का संचालन नहीं किया जाएगा। मस्तूरी ब्लाक के पाराघाट,बेलटुकरी व भनेसर जहां वसुंधरा स्टील एंड पावर लिमिटेड को उद्योग  संचालित करने के लिए जमीन का अधिग्रहण किया गया है वहां से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर क्रोकोडायल नेशनल पार्क है। बगैर पर्यावरण मंत्रालय की सहमति के यहां पर उद्योग  स्थापित करने के लिए जमीन का अधिग्रहण के साथ ही अनुमति भी दे दी गई है। पर्यावरण संरक्षण मंडल के आला अधिकारियों की भूमिका की जांच मांग भी प्रभावित किसानों ने की है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry