नई दिल्ली
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने देश में विपक्ष को उचित जगह देने की अपील की। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से पूछताछ का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार का भी उल्लेख किया।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे थे लेकिन यह गंभीर चिंता का विषय है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने जबरन कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश किया और कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता, सांसद, विधायक सभी का अपमान किया गया और कई के साथ मारपीट और बदसलूकी भी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु से हमारी सांसद एस. ज्योतिमणि के साथ भी पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। यहां तक कि उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए और उन्हें देर शाम तक पुलिस थाने में रखा गया। इस दौरान ना तो पानी दिया गया और ना बाहर से पानी मंगाने दिया गया। पुलिस हिरासत में उन्हें दवाई तक मुहैया नहीं कराई गई। क्या किसी महिला सांसद के साथ ऐसा व्यवहार उचित है। उन्होंने आगे लिखा कि देश में इस समय विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने अपील की कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में विपक्ष से उसका स्थान मत छीनिए। विपक्ष को उचित जगह दीजिए। इससे हमारे देश में लोकतंत्र को और मजबूती मिलेगी।
लोकसभा अध्यक्ष को भी लिखा था पत्र
बता दें कि इससे पहले बुधवार को कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

