भोपाल-इंदौर में आज जोरदार बारिश के आसार

Spread the love

भोपाल

प्रदेश में जिलों में मानसून मेहरबान रहा और सामान्य बारिश हुई। प्रदेश के 7 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रही। मौसम विभाग सामान्य से 19% कम और 19% ज्यादा बारिश को सामान्य की कैटेगरी में रखता है। MP में मानसून सेट हो गया है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी जोरदार बारिश हुई। भोपाल शहर में तो ढाई घंटे में ही सबसे ज्यादा सवा तीन इंच पानी गिरने से सड़कें लबालब हो गईं।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि शनिवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। मध्यप्रदेश के मध्य इलाकों जैसे इंदौर, उज्जैन और भोपाल में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद दो दिन तक ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। मानसून का अल्प विराम हो सकता है। तीन दिन बाद प्रदेश में फिर से जमकर बारिश शुरू होगी। मध्यप्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

 बारिश से सागर में धसान नदी उफना गई है। बंडा ब्लॉक के बरायठा इलाके में परसुवां गांव से लगे जंगल में बकरियां चराने गए तीन चरवाहे नदी में फंस गए। वे गुरुवार रातभर नदी के दूसरी तरफ फंसे रहे। शुक्रवार को उन्हें 15 बकरियों समेत रेस्क्यू कर निकाला गया। SDRF के प्लाटून कमांडर विनीत तिवारी ने बताया कि परसुवां गांव के तीन चरवाहे प्रकाश रजक (35), मनोहर रजक (18), रवि आदिवासी (19) 15 बकरियों को जंगल में चराने के लिए गुरुवार दोपहर लेकर गए थे। तब नदी में पानी कम था, तो नदी में से निकलकर दूसरी तरफ जंगल में पहुंच गए। शाम को वापस गांव की ओर लौटे तो नदी का बहाव तब तक तेज हो गया था। इस वजह से वे दूसरी ओर फंस गए थे।

मध्यप्रदेश में मानसून सेट

पूर्वी राजस्थान के ऊपर चक्रवात सक्रिय है। इससे होकर पश्चिम-मध्य अरब सागर तक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसी कारण शनिवार को भी मध्यप्रदेश के मध्य में इससे बारिश होने की संभावना है। कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ पश्चिमोत्तर राजस्थान से लेकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैला है। दक्षिणी गुजरात से दक्षिणी महाराष्ट्र तट के समांतर ट्रफ है। आज दक्षिमण मानसून के और आगे बढ़ने पर अब इसकी उत्तरी सीमा दीसा, नीमच, चित्तौडगढ़, बीकानेर और खाजुवाला से गुजर रही है। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को मानसून सेट हो गया।

Related Articles

Back to top button