अव्यवस्थाओं से नाराज डीएम की अधिकारियों को फटकार

देश

ऋषिकेश
सावन मास की नीलकंठ महादेव मंदिर से जुड़ी यात्रा में सड़क, पेयजल और वन विभाग क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं से नाखुश जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल डा. विजय कुमार जोगदंडे ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। अति शीघ्र लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीएम कैंप कार्यालय लक्ष्मण झूला में कावड़ मेला तैयारी समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी पौड़ी विजय कुमार जोगदंडे ने इस बात पर नाखुशी जताई कि नीलकंठ मोटर मार्ग में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं मगर, लोक निर्माण विभाग की ओर से 13 जून की बैठक में दिए गए निर्देश के बावजूद इस पर काम नहीं किया गया है। उपस्थित अधिकारियों ने इसके लिए बजट ना होने की बात कही। जिस पर जिलाधिकारी ने पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि नीलकंठ क्षेत्र के कई गांव में पेयजल समस्या की शिकायत आ रही है।

जल संस्थान कोटद्वार की ओर से समस्या का अब तक निस्तारण नहीं किया गया है। नीलकंठ यात्रा मार्ग पर अब तक स्टैंड पोस्ट ना लगाए जाने के पर उन्होंने नाराजगी जताई। तय समय सीमा के भीतर यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दिए। नीलकंठ पैदल मार्ग पर भूतनाथ मंदिर से मंदिर तक जाने वाले एक अन्य बायपास मार्ग को राजा जी टाइगर रिजर्व की ओर से सड़क खोदकर बंद कर दिया गया है। इस पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। यात्रा शुरू होने से पहले ही इस मार्ग को सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीलकंठ मंदिर परिसर में 13 जून को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।जिसमें बैठक के 15 दिन के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने को कहा गया था। लेकिन कई विभाग इस दिशा में उदासीन बने हुए हैं, यह स्थिति ठीक नहीं है।

बैठक में उपस्थित व्यापार मंडल स्वर्गाश्रम के अध्यक्ष नारायण सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और यातायात सुधार को लेकर तीन जनपद के थाना क्षेत्र लक्ष्मण झूला, मुनिकीरेती, ऋषिकेश के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक होना जरूरी है, जो अभी तक नहीं हुई है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि राम झूला से रवानगी और जानकी पुल कावड़ियों की वापसी की व्यवस्था की जाए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल यशवंत सिंह, उप जिलाधिकारी यमकेश्वर प्रमोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक मीनाक्षी जोशी, यात्रा नोडल अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक वैभव सैनी, नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल, एआरटीओ कोटद्वार पंकज श्रीवास्तव, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर आदि मौजूद रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry