10 जुलाई तक राजस्थान दौरे पर रहेंगे मोहन भागवत,प्रांत प्रचारक बैठक में होंगे शामिल

देश

जयपुर
 राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत शनिवार 2 से 10 जुलाई तक राजस्थान के प्रवास पर रहेंगे. डॉ. भागवत  रेल मार्ग से जयपुर पहुंचे. भागवत दोपहर तक भारती भवन में ठहरे. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे चूरू के लिए प्रस्थान कर गए. भागवत चूरू में रात्रि विश्राम करेंगे. इसके बाद रविवार को सुबह 9 बजे चूरू से रतनगढ़ पहुंचेंगे. यहां से 12 बजे तक रतनगढ़ गोल्च्छा ज्ञान मंदिर में तेरापंथ संघ के आचार्य महाश्रमण से वार्ता करेंगे. इसी प्रकार दोपहर 12 बजे रतनगढ़ से चूरू के लिए प्रस्थान कर चूरू में ही रात्रि विश्राम करेंगे.

अगले दिन 4 से 10 जुलाई तक झुंझुनू में रहेंगे और अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक में शामिल होंगे. प्रांत प्रचारक मुख्य बैठक 7 से 9 जुलाई तक रहेगी. बैठक में देशभर के सभी प्रांत प्रचारक तथा सह प्रांत प्रचारक अपेक्षित रहेंगे. प्रांत प्रचारक बैठक में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित सभी सहसरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, डॉ. मनमोहन वैद्य, सी.आर. मुकूंद, अरुण कुमार व रामदत्त शामिल होंगे.

बैठक में संघ के सभी कार्यविभाग प्रमुख व अखिल भारतीय कार्यकारिणी के प्रचारक सदस्य एवं विविध क्षेत्र के कुछ अखिल भारतीय स्तर के संगठन मंत्री भी उपस्थित रहेंगे. बैठक संगठन संबंधित विषयों पर केंद्रित रहती है. संघ के प्रशिक्षण वर्ग- संघ शिक्षा वर्ग के वृत्त एवं समीक्षा, आगामी वर्ष की कार्ययोजना, प्रवास योजनाओं आदि विषयों पर बैठक में चर्चा होगी. साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष कार्य विस्तार योजना पर भी विचार विमर्श होगा.

संघ के नेताओं ने की अगवानी
बता दें कि सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत शनिवार को सुबह शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से जयपुर पहुंचे. यहां संघ के नेताओं ने उनकी अगवानी की. बता दें कि भागवत करीब 8 दिनों तक राजस्थान में रहेंगे और कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. झुंझनू के रानी सती मंदिर में 7 से 9 जुलाई तक संघ की बैठक आयोजित की गई है. इस बैठक में भी भागवत हिस्सा लेंगे.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry