बेंगलुरु
कर्नाटक के बागलकोट जिले के केरूर कस्बे में बुधवार को दो समूहों में हिंसक झड़प हो गई। मामूली बात पर हुई बहस ने सांप्रदायिक झगड़े का रूप ले लिया। झड़प के दौरान एक दूसरे पर हमला करने के बाद सात पुश कार्ट और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो समूहों के सदस्यों के बीच हुई सांप्रदायिक झड़पों में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।
दोनों तरफ से जमकर पथराव भी हुआ। एक समुदाय की दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। जैसे ही स्थिति नियंत्रण में आई, एहतियात के तौर पर शुक्रवार तक बड़ी सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया। कल स्कूल और स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। खबर के मुताबिक, शाम 6 बजे बस स्टैंड पर एक समुदाय के युवक ने दूसरे समुदाय के शख्स को पीट दिया था। ऐसे में बदला लेने के लिए वो शख्स भी अपने साथियों को ले आया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण बन गई। झगड़े के बाद जगह-जगह आगजनी कर दी गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बस स्टैंड पर युवक की पिटाई का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें और वीडियोज सामने आए हैं। इनमें देखा जा सकता है कि कई जगहों पर आगजनी हुई है। प्रशासन ने रात साढ़े 11 बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक धारा 144 लागू कर दी है। पूरे इलाके में पुलिस भी हाई अलर्ट पर चल रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

