भोपाल में 24 घंटे में ढाई इंच बारिश

Spread the love

भोपाल
राजधानी में वर्षा का सिलसिला जारी है। रातभर चली वर्षा के चलते सड़कों पर पानी भर गया। आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में लगभग ढाई इंच वर्षा हो चुकी है, जबकि इसके पहले दिन में ज्यादा वक्त राजधानी में केवल 2 मिमी दर्ज की गई थी। तापमान में भी काफी गिरावट है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 02 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा, साथ ही यह सामान्‍य से भी करीब 01 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। सोमवार को शहर का न्‍यूनतम तापमान 23.2 दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के न्‍यूनतम तापमान के मुकाबले 1.4 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। हालांकि रविवार को उमस ने काफी परेशान किया। राजधानी में आर्द्रता 98 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्तमान समय में अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। मानसून ट्रफ भी मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से होकर गुजर रहा है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में वर्षा हो रही है। सोमवार को भोपाल संभाग के जिलों में तथा गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, श्‍योपुरकला, शाजापुर, आगर, इंदौर, धार, देवास, खरगोन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, मंडला एवं बालाघाट जिलों में वर्षा होने के आसार हैं। पूरे मध्य प्रदेश की बात करें वर्तमान में औसत से से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। 300.7 मिमी की जगह 363.2 मिमी वर्षा हो चुकी है। हालांकि अभी भी पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में औसत से काफी कम वर्षा हुई है।

 

Related Articles

Back to top button