खड़ी बस में तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर, मां-बेटी समेत तीन की मौत, दो घायल

राज्य

नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजमार्ग एक स्थित नंगली पूना के बस स्टैंड पर सवारियों को चढ़ाने के लिए खड़ी बस में पीछे से आ रही कार की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हुई है, जबकि कार चालक व बच्चा घायल हो गए। महिलाओं की पहचान हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर की ज्योति शर्मा, निशा व जमना के रूप में हुई है। घायल बच्चे व हिमाचल के हमीरपुर के कार चालक सुनील को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।

जानकारी के अनुसार जमना, बेटी ज्योति शर्मा, निशा व उसके डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ आइ 20 कार में सवार होकर हिमाचल से दिल्ली आ रहे थे। इस दौरान कार सुनील चला रहा था। सोमवार सुबह जब वह नंगली पूना पहुंचे तो बस स्टैंड पर खड़ी बस में पीछे की ओर से कार की अचानक टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार सवार सभी लोग घायल हो गए। पांचों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां मां-बेटी समेत तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया और बच्चे व कार चालक को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी कार की हालत को देखकर दंग रह गई। कार को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि कार की स्पीड बहुत अधिक रही होगी। बस में टक्कर लगते ही उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry