गुजरात शराब त्रासदी: भावनगर अस्पताल जाएंगे अरविंद केजरीवाल, पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

देश

 अहमदाबाद।
 
गुजरात में बोटाद जिले के रोजिद गांव में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। एक ओर जहां गुजरात पुलिस ने 19 लोगों की मौत की पुष्टि की है, वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मरने वालों की संख्या 23 बताई है। केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह पीड़ितों से मिलने भावनगर जाएंगे।

मंगलवार को केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, 'बहुत ही दुःख की बात है कि गुजरात में जहरीली शराब के कारण 23 से अधिक लोगों की मौत हुई है और 40 से ज्यादा लोग अस्पताल में हैं।' उन्होंने आगे कहा सभी मृतकों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और इस दु:ख की घड़ी में पीड़ितों को मेरी संवेदना व्यक्त करने आज भावनगर अस्पताल जा रहा हूं।
 
केजरीवाल ने लगाया था राजनीतिक संरक्षण का आरोप
इससे पहले केजरीवाल ने सोमवार को गुजरात में जहरीली शराब त्रासदी को 'दुर्भाग्यपूर्ण' करार दिया था और आरोप लगाया था कि राज्य में जो लोग शराब बेच रहे हैं, उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। राज्य में शराब की बिक्री पर पाबंदी है। केजरीवाल ने कहा था, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि गुजरात में मद्यनिषेध के बाद भी भारी मात्रा में अवैध शराब बेची जाती है। ये कौन लोग हैं जो शराब बेचते हैं? उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। (शराब की बिक्री से जो) पैसे आते हैं, वे कहां जाते हैं। इसकी जांच की जरूरत है।'
 
ATS भी जांच में जुटी
आपको बता दें कि बोटाद में हुई इस त्रासदी को लेकर अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक ओर जहां सीएम भूपेन्द्र पटेल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, वहीं दूसरी ओर गुजरात पुलिस के साथ आतंकवाद रोधी दस्ता (एटीएस) और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच में जुटी है। इसके साथ ही एक एसआईटी का भी गठन किया गया है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry