पुलिस परेड ग्राउंड पर हुई फुल ड्रेस रिहर्सल, 13 प्लाटून करेंगी आकर्षक मार्च पास्ट

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर
आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड पर हर्षाेल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस का गरिमामय समारोह आयोजित होगा। 15 अगस्त को सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज सुबह फुल ड्रेस रिहर्सल की गई।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा की मौजुदगी में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे और एस.एस.पी. प्रशांत अग्रवाल ने समारोह के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आज की फुल ड्रेस रिहर्सल में मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इस दौरान हर्ष फायर भी किए गए।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड पर गौरव राम प्रवेश के नेतृत्व में 13 प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट करेंगी। परेड के टू आई सी मनोज कुमार मण्डावी होंगे। सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरूष एवं महिला प्लाटून, छत्तीसगढ़ पुलिस, नगर सेना की पुरूष एवं महिला प्लाटून और एन.सी.सी. की बालक एवं बालिका प्लाटून के साथ पुलिस बैंड प्लाटून भी मार्च पास्ट में शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वतंत्रता दिवस समारोह में 43 पुलिस अधिकारियों को पदक-अलंकरणों से सम्मानित करेंगे। समारोह में भारतीय पुलिस पदक, पुलिस वीरता पदक, पुलिस पदक, सुधारात्मक सेवा पदक, केन्द्रीय गृह मंत्री मेडल और राज्य स्तरीय पुरूस्कार दिए जाएंगे।

राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव योजना के तहत स्थापित किए गए गौठानों में से पूरे प्रदेश में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले 3 गौठानों को भी पुरूस्कृत किया जाएगा। दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड के केसरा, रायपुर जिले के आरंग विकासखण्ड के चटौद और कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के डौण्डे हरनगढ़ गौठान को मुख्यमंत्री बघेल पुरूस्कृत करेंगे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry