खेती को बढ़ावा देने MP में प्राकृतिक कृषि विकास योजना शुरू, देशी गाय पालने मिलेगा अनुदान

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल
प्रदेश में पेस्टीसाइड मुक्त फसल उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य तथा पर्यावरण-संरक्षण के लिये प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश प्राकृतिक कृषि विकास योजना को शुरू की जा रही है। प्रथम चरण में सभी जिलों में 100-100 ग्रामों का चयन किया जायेगा। प्रत्येक ग्राम में 5 कृषक चयनित कर उन्हें गौ-पालन के लिये अनुदान भी दिया जायेगा।

 प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित करने के लिये प्रारंभिक तौर पर 5,200 ग्रामों में प्राकृतिक कृषि प्रारंभ होगी। प्रत्येक ग्राम से 5 प्राकृतिक कृषि करने वाले कृषकों का चयन करेंगे। चयनित कुल 26 हजार किसानों को गौ-पालन के लिये अनुदान दिया जायेगा। योजना में वे ही किसान सम्मिलित होंगे, जिनके पास देशी गाय होगी। सभी वर्गों के कृषकों को न्यूनतम एक एकड़ भूमि पर प्राकृतिक कृषि करने की अनिवार्य शर्त पर मात्र एक गाय के लिये 900 रुपए प्रतिमाह की अनुदान राशि दी जायेगी।

अपर मुख्य सचिव किसान-कल्याण तथा कृषि विकास अजीत केसरी ने बताया है कि योजना के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के लिये आत्मा योजना के शत-प्रतिशत क्षेत्रीय मैदानी अमले को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्राकृतिक कृषि के लिए पोर्टल/मोबाइल एप भी तैयार कर विभागीय अमले के मार्गदर्शन में प्राकृतिक कृषि करने के इच्छुक किसानों का पंजीयन किया जायेगा। पंजीकृत किसानों में से प्रत्येक विकासखण्ड में 5 प्रगतिशील/अग्रणी कृषकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में चयनित कर प्रशिक्षित किया जायेगा।

प्रशिक्षण के बाद मास्टर ट्रेनर प्राकृतिक प्रेरक कहलायेंगे। इन्हीं प्राकृतिक प्रेरक द्वारा पोर्टल/मोबाइल एप पर पंजीकृत प्राकृतिक कृषि करने के इच्छुक सभी कृषकों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। केसरी ने बताया कि जिला स्तर पर ह्यआत्माह्ण के परियोजना संचालक द्वारा योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा। विकासखण्डवार चयनित हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन आत्मा की गवर्निंग बॉडी द्वारा किया जायेगा। योजना की मॉनिटरिंग का कार्य मध्यप्रदेश प्राकृतिक कृषि विकास बोर्ड में गठित राज्य एवं जिला स्तर की समितियाँ करेंगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry