नई दिल्ली
Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी का त्योहार पूरे देश में आज धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। तो वहीं, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकानाएं दी है। दोनों नेताओं ने देश के नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'गणेश चतुर्थी पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। विघ्नहर्ता और मंगलमूर्ति भगवान गणेश ज्ञान, सिद्धि और सौभाग्य के प्रतीक हैं। मेरी कामना है कि श्री गणेश के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख,शांति और समृद्धि का संचार हो।'
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर बधाई दी। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से संस्कृत में एक श्लोक ट्वीट किया। पीएम मोदी ने लिखा,
यतो बुद्धिरज्ञाननाशो मुमुक्षोः, यतः सम्पदो भक्तसन्तोषिकाः स्युः।
यतो विघ्ननाशो यतः कार्यसिद्धिः, सदा तं गणेशं नमामो भजामः।।
गणेश चतुर्थी की ढेरों शुभकामनाएं। गणपति बाप्पा मोरया!
गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं। भगवान श्री गणेश की कृपा हम पर हमेशा बनी रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'सभी देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं। गणपति बप्पा मोरया!'
गणेश चतुर्थी का त्योहार हर साल भारत में बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिसमें हजारों भक्त मंदिरों और 'गणेशोत्सव पंडालों' में अपनी प्रार्थना करने के लिए आते हैं। गणेश चतुर्थी को गणेशोत्सव के रूप में भी जाना जाता है, जो दस दिनों तक चलता है और इसकी शुरुआत चतुर्थी तिथि से होती है। अनंत चतुर्दशी पर गणेशोत्सव समाप्त होता है। ज्ञान और सौभाग्य के देवता भगवान गणेश के भक्त भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष के दौरान उनका जन्म उत्सव मनाते हैं।
लोग भगवान गणेश की मूर्तियों को अपने घरों में लाते हैं, उपवास रखते हैं, तरह-तरह के व्यंजन तैयार करते हैं। भगवान से प्रार्थना करते हैं और इस त्योहार के दौरान अनुष्ठान करते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

