इंदौर
डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआइ) ने इंदौर में सोना तस्करी के मामले में मुंबई के एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। 30 अगस्त को डीआरआइ ने राजेंद्र नगर के पास एबी रोड पर एक कार से तस्करी का सोना बरामद किया था। कुल आठ सोने के बिस्कुट कार में बनाई खास खाली जगह से बरामद हुए थे। इनका कुल वजन 7 किलो 100 ग्राम है।
दुबई और स्विट्जलैंड की रिफाइनरी का यह विदेशी सोना तस्करी के जरिए भारत लाया गया था। सफेद कार में दो व्यक्ति मुंबई से इंदौर सोने की डिलीवरी देने आ रहे थे। तस्करी कर सोना ला रहे दोनों व्यक्तियों को पकड़ने के बाद डीआरआइ ने पूछताछ की। उन्होंने मुंबई के व्यापारी का नाम कबूला। डीआरआइ ने दोनों आरोपितों की निशानदेही पर मुंबई के व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद किए गए सोने का बाजार मूल्य 3.72 करोड़ रुपये आंका गया है।
बताया जा रहा है कि विदेशी सोना देश के अलग-अलग एयरपोर्ट से तस्करी कर मुंबई भेजा जा रहा है। वहां से देश भर के बाजारों में इसे खपाया जा रहा है। मुंबई से तस्करी के सोने की डिलीवरी की जाती है। दरअसल विदेशी सोने पर टैक्स और ड्यूटी चोरी करने के बाद प्रति 10 ग्राम कम से कम 10 हजार रुपये लागत कम आती है। 99.99 प्रतिशत शुद्दता के इस सोने में स्थानीय ज्वैलर्स मिलावट कर इसे और मुनाफे का सौदा बना लेते हैं। इसलिए कानून तोड़कर बड़े पैमाने पर विदेश से तस्करी का सोना मंगवाया जा रहा है।डीआरआइ इंदौर अब तक इस साल कुल आठ किलो विदेशी सोना बरामद कर चुका है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

