नई दिल्ली
अध्यक्ष पद के चुनाव और राजस्थान कांग्रेस में सियासी संकट, इन दोनों मुद्दों को लेकर पार्टी के लिए गुरुवार अहम दिन साबित हो सकता है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। वहीं, पार्टी प्रमुख की रेस में दोबारा दावेदार बनते नजर आ रहे मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी नामांकन दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। तिरुवनंतपुरम सांसद शशि थरूर भी शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं।
गांधी-गहलोत के बैठक के इंतजार में सिंह?
सिंह के करीबी सूत्र बताते हैं कि वह अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने जा रहे हैं। बुधवार रात दिल्ली पहुंचे वरिष्ठ नेता गुरुवार या शुक्रवार को पर्चा दाखिल कर सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि वह गांधी-गहलोत की होने वाली बैठक के नतीजे का इंतजार कर सकते हैं। पूर्व सीएम बताते हैं कि उन्होंने अभी तक अध्यक्ष पद के मुद्दे पर गांधी परिवार से बात नहीं की है।
क्या डैमेज कंट्रोल में जुटे गहलोत?
बुधवार रात ही गहलोत भी दिल्ली पहुंचे। कहा जा रहा है कि इस मुलाकात का असर राजस्थान सीएम और पार्टी नेतृत्व के मुद्दे पर भी पड़ेगा। दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस अनुशासन में काम करती है और 'आंतरिक राजनीति को परिवार के अंदर ही सुलझा लिया जाएगा।'
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

