भोपाल
धनतेरस से पांच दिनों का दीपोत्सव पर्व शुरू गया है। इस बार धनतेरस 22 की शाम 6 बजे से शुरू हुई और आज शाम 6 बजे तक रहेगी। खरीदारी के लिए पूरा दिन शुभ रहेगा। आज पूरे दिन सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। इसलिए हर तरह की खरीदारी, निवेश और नई शुरुआत के लिए पूरे दिन शुभ मुहूर्त रहेंगे। वहीं, चतुर्दशी आज शाम 6.30 बजे से शुरू होगी।
शास्त्र मान्यता के अनुसार रूप चतुर्दशी अरुणोदय यानी सूर्योदय काल में मनाई जाती है। इसलिए रूप चतुर्दशी 24 अक्टूबर की सुबह मनाई जानी चहिए। चतुर्दशी सोमवार शाम 5.27 बजे तक रहेगी। इसके बाद अमावस्या शुरू होगी। सोमवार को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।
इस दिन घरों में विधि विधान के साथ मां महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना, महाआरती होगी। इसके बाद रंगारंग आतिशबाजी कर खुशियां बांटी जाएंगी। मां लक्ष्मी के स्वागत सत्कार के लिए घरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। इस बार दीपावली पर ग्रह नक्षत्रों के हिसाब से कई शुभ संयोग रहेंगे। वहीं, दीपावली से पहले पूरा शहर आकर्षक लाइटिंग से जगमगा रहा है।
24 घंटे तैनात रहेंगे दमकलकर्मी
सुरक्षित दीपावली के लिए शहर के चिन्हित 12 स्थानों पर 24 घंटे के लिए फायर फाइटर्स तैनात रहेंगे। इस दौरान पूरा फायर अमला मैदान पर तैनात रहकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करेगा। दरअसल दीपावली के दिन बड़े पैमाने पर पटाखों की बिक्री होती है और इसी दिन लोग बड़े पैमाने पर आतिशबाजी भी करते हैं। इसलिए शहर में कई जगह आगजनी की घटनाएं होती हैं।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रहे और आगजनी के दौरान आग पर तुरंत काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड ने 12 सेंसिटिव जोन चिन्हित कर यहां पर फायर फाइटर्स तैनात करने की योजना बना ली है। बताया जा रहा है कि इस दौरान 24 घंटे के लिए अमला मैदान पर रहेगा। ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय पर काबू किया जा सके।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

