मास्को
नए साल के मौके पर यूक्रेन और रूस के बीच जंग और तेज हो सकती है। यूक्रेन का कहना है कि 2023 के शुरुआती महीनों में रूस की ओर से 2 लाख सैनिकों के साथ कीव पर अटैक किया जा सकता है। यूक्रेन की सेना के कमांडर-इन-चीफ ने द इकॉनमिस्ट को दिए इंटरव्यू में यह बात कही है। यूक्रेनी जनरल वालेरी जालुझनी ने कहा कि जंग फिलहाल पूर्व और दक्षिण में केंद्रित है, लेकिन रूस की ओर से एक बार फिर राजधानी को टारगेट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रूस सैनिकों का एक रिजर्व तैयार कर रहा है। इनके जरिए वह फरवरी., मार्च या फिर जनवरी के अंत में भी कीव पर अटैक कर सकता है।
उन्होंने आशंका जताई कि रूस की ओर से 2 लाख सैनिक भेज कर कीव पर हमला किया जा सकता है। यूक्रेनी जनरल ने कहा कि मुझे इस बात में कोई संदेह नहीं है कि रूस एक बार फिर से कीव पर हमला करेगा। उन्होंने कहा कि इस आशंका के मद्देनजर हमने यह अनुमान भी लगा लिया है कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए हमें कितने टैंकों और हथियारों की जरूरत होगी। मॉस्को की ओर से फरवरी के अंत में कीव तक एक बड़ी फोर्स भेजी जा सकती है ताकि राजधानी पर कब्जा किया जा सके। बता दें कि फरवरी में ही रूस ने यूक्रेन पर हमला बोला था और अब फरवरी 2023 में युद्ध का एक साल पूरा हो जाएगा।
यूक्रेन की राजधानी को फरवरी में रूस की सेना ने घेर लिया था। हालांकि मार्च और अप्रैल के दौरान उसे पीछे हटना पड़ा था। अपने इस काउंटर अटैक को यूक्रेन की सेना जीत के तौर पर देखती है। यूक्रेनी जनरल ने कहा कि हमारी कोशिश है कि अब हम फ्रंटलाइन पर कोई नुकसान न उठाएं। दक्षिण से पूर्व तक हम डटे रहें और रूसी सेना के मुकाबले पीछे न हटें। हालांकि जालुझनी ने कहा कि रूस ने हमारे एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी अटैक किया है। ऐसी स्थिति में संसाधन जुटाने में भी वक्त लगेगा। गौरतलब है कि रूस ने बीते कुछ दिनों में यूक्रेन पर ड्रोन अटैक बढ़ा दिए हैं।
यूक्रेनी जनरल ने बताया, क्या मिल जाए तो रूस को हरा देंगे
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपील की है कि क्रिसमस के मौके पर रूस को अपने सैनिकों को वापस बुलाने की शुरुआत कर देनी चाहिए। इसके जवाब में रूस का कहना है कि हमें ऐसा कोई प्रस्ताव अब तक नहीं मिला है। यूक्रेनी जनरल ने कहा कि हम जानते हैं कि हम अपने इस दुश्मन को पराजित कर सकते हैं। लेकिन हमें संसाधनों की जरूरत होगी। हमें 300 टैंक, 600 से 700 तक इन्फैन्ट्री वीकल्स और 500 होवित्जर तोपों की जरूरत होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

