राजनांदगांव
जिले के डोंगरगढ़ में स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विकासखंड स्तरीय बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला में लगभग 10 हजार से अधिक नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं का उत्साह और खुशी से भरी मुस्कान देखने को मिली। यह ऐसा मौका साबित हुआ, जहां महिलाओं ने अपनी हुनर को साबित करते हुए अपना पहचान स्थापित की है। स्वावलंबन की राह चुनने की दिशा में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढऩे का मार्ग साबित हुआ। अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री भुनेश्वर बघेल एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री नवाज खान द्वारा बिहान मेला का शुभारंभ किया गया।
अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री भुनेश्वर बघेल ने कहा कि समूह की महिलाओं का उत्साह और यह प्रयास देखकर प्रसन्नता हो रही है। स्टॉलों में विभिन्न तरह के उत्पाद उपलब्ध है। समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने समूह की महिलाओं को मार्गदर्शन देकर प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि आज यहां आयोजित बिहान मेला में 52 महिला समूह की 146 महिलाओं ने अपनी भागीदारी देकर साबित कर दिखाया कि महिला समूह अब हर बाधा और संघर्ष को तोड़ते हुए अपनी कामयाबी की राह खुद लिखने चल पड़ी हैं। आज यहां बिहान मेले में महिला समूह के उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिला। आज महिला समूह ने 2 लाख 55 हजार रूपए की बिक्री की हैं। बैंक लिंकेज के माध्यम से महिला समूह को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 44 लाख रूपए की ऋण स्वीकृति विभिन्न बैंकों के द्वारा दी गई। इस अवसर पर समूह की महिलाओं को विभिन्न कार्यों के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

