9 वर्षीय बेटी और बीवी संग पहली बार दिखे किम जोंग उन, मिलिट्री बैरक का किया दौरा; मायने क्या?

दुनिया

 प्योंगयांग 

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को 36 दिनों बाद एक पब्लिक इवेंट में देखा गया। वह मंगलवार (7 फरवरी) को पहली बार अपनी नौ साल की बेटी जू एई और पत्नी री सोल जू के साथ नजर आए। इसके साथ ही किम जोंग ने उन अटकलों और आशंकाओं को खारिज कर दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि किम गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। उत्तर कोरिया के तानाशाह ने मंगलवार को आर्म्ड फोर्सेस की स्थापना की 75वीं सालगिरह के मौके पर पत्नी और बेटी के साथ बैरक का दौरा किया और भव्य भोज में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की सेंट्रल मिलिट्री कमीशन की मीटिंग में भी हिस्सा लिया और सीनियर मिलिट्री ऑफिसर्स से मुलाकात की।

माना जा रहा है कि जू एई किम जोंग उन की दूसरी संतान है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, नवीनतम संकेत है कि इस लड़की को संभवतः उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भोज में किम और "उनकी सम्मानित" बेटी का शामिल होना, सैन्य अधिकारियों के लिए एक सपने के सच होने जैसा है।

सरकारी अखबार रोडोंग सिनमुन द्वारा प्रकाशित तस्वीरों में नौ वर्षीय लड़की को किम और उसकी मां के बगल में चलते हुए दिखाया गया है, जब वे भोज के लिए एक स्थल में प्रवेश कर रहे थे। उस दौरान सैन्य अधिकारी तालियां बजाकर उनका स्वागत कर रहे थे। अखबार में छपी तस्वीरों के मुताबिक, भोज के दौरान लड़की पिता किम जोंग और अपनी माँ के बीच लीड टेबल में बैठी है। सियोल में इवा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर लीफ-एरिक इस्ले ने CNN से कहा कि जिस देश में किम परिवार और सेना शक्तिशाली हैं,वहां ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में नौ साल की लड़की की उपस्थिति स्पष्ट संकेत देती है। उन्होंने कहा, "किम पब्लिक इवेंट में अपनी पत्नी और बेटी को शामिल कर देश-विदेश में अपने परिवार के वंशज और उत्तराधिकारी के तौर पर और उत्तर कोरियाई सेना के पर्यवेक्षक के रूप में दिखाना चाहते हैं।"

एक अन्य पर्यवेक्षक ने कहा कि यह स्पष्ट है कि किम ने अपने उत्तराधिकारी का चयन कर लिया है,और वह उन उन अटकलों की पुष्टि कर रहे हैं  जो नवंबर में शुरू हुई थी, जब अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल की लॉन्चिंग के दौरान एक लड़की की उपस्थिति के साथ शुरू हुई थी।

कोरिया की सेंट्रल न्यूज एजेंसी ने बताया है कि किम ने इस दौरान टॉप मिलिट्री अफसरों के साथ मीटिंग भी की। उन्होंने सेना में जरूरी बदलाव करने और मिलिट्री को अंदर से मजबूती देने पर बात की। रिपोर्ट के अनुसार,किम ने सेना को युद्ध अभ्यास का विस्तार करने और जंग की तैयारियों को मजबूत करने का भी आदेश दिया। बता दें कि इससे पहले 2014 में भी किम जोंग 40 दिनों तक पब्लिकली सामने नहीं आए थे और तब भी कई अटकलें लगाई गई थीं।
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry