देवता नाराज हो जाएंगे…इन 100 गांवों में नही मनाई जाती है होली

देश

देहरादून

पूरे देश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग रंग-गुलाल से एक दूसरे को रंगकर होली की बधाई दे रहे हैं। वहीं आपको जानकर हैरानी होगी कि उत्तराखंड में ऐसे करीब 100 गांव हैं जहां होली नहीं मनाई जाती है। लोगों का मानना है कि अगर वे पहाड़ों पर रंगों का इस्तेमाल करेंगे तो भगवान नाराज हो जाएंगे।  वैसे तो कुमाऊं और गढ़वाल इलाके में होली पूरे जोर-शोर से मनाई जाती है। लेकिन पिथौरागढ़ जिले के धारचुला और मुंसियारी के इन 100 गांवों में लोग रंगों से दूर रहते हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक लोगों का कहना है कि वे भगवान के पहाड़ों को रंगों से गंदा नहीं करना चाहते। धारचुला के बाराम गांव के रहने वाले नरेंद्र ने कहा, 'इन गांवों में चिपला केदार देवता की पूजा होती है। ये भगवान शिव और भगवती का ही रूप हैं।' यहां हर तीसरे साल चिपला केदार यात्रा होती है। आसपास के इलाकों में इसकी बहुत मान्यता है। लोग यहां परिक्रमा करते हैं और फिर कुंड में स्नान करते हैं। इसे गुप्त कैलास भी कहा जाता है जो कि 16 हजार फीट की ऊंचाई पर है।

उनका मानना है कि रंगों की वजह से देवता नाराज हो जाएंगे। एक ग्रामीण ने बताया, होली खेलने को यहां अपवित्र माना जाता है। इन लोगों के लिए होली का दिन भी बाकी आम दिनों की तरह ही होता है। कोई भी नहीं चाहता है कि देवता को नाराज करे। कई लोगों को मानना है कि यहां अगर कोई होली खेलता है तो उसका बुरा होता है। लोगों का कहना है कि अगर किसी परिवार में होली खेली गई तो बहुत जल्दी इसका बुरा परिणाम देखने को मिलता है। उसके घर में किसी व्यक्ति या फिर जानवर की मौत हो जाती है। एक ग्रामीण ने कहा, यह स्थान भराड़ी देवी का स्थान है और यहां रंगों पर रोक है।हमारा मानना है कि होली से दुर्भाग्य जागेगा। इसलिए हम रंगों से दूर रहते हैं।

इतिहासकारों का कहना है कि होली कभी भी पहाड़ी त्योहार नहीं रहा है। पहाड़ी इलाकों के आदिवासी भी होली नहीं मनाते थे। इसके बाद जब लोगों का पलायन शुरू हुआ तब पहाड़ों में होली भी मनाई जाने लगी। धारचुला के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि धारचुला का अनवल समुदाय और बारपाटिया समुयाद कई सालों से कोई हिंदू त्योहार नहीं मनाता है। कुमाऊं में कई जगहों पर बैठकी होली मनाई जाती है। इसमें लोग इकट्ठा होते हैं, लोकगीत गाते हैं और पकवानों का आनंद लेते हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry