दोस्त मालू की पत्नी के बयान से … उलझ रही सतीश कौशिक की मौत की गुत्थी

मनोरंजन

मुंबई

सतीश कौशिक की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है. सतीश कौशिक के दोस्त विकास मालू की दूसरी पत्नी ने अपने पति पर ही हत्या की साजिश का आरोप लगाया है. हालांकि, विकास मालू की पत्नी का बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस ने उनसे संपर्क किया, लेकिन उन्होंने अपना बयान दर्ज नहीं करवाया है. उधर, दिल्ली पुलिस इस मामले में अब तक 174 CRPC के तहत ही मामले की जांच कर रही है. धारा 174 के तहत कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है या नहीं. अगर हुई है, तो इसकी वजह क्या थी?

दरअसल, सतीश कौशिक 7 मार्च को मुंबई में शबाना आजमी के घर होली पार्टी में शामिल हुए थे. यहां उन्होंने अपने करीबियों संग खूब होली खेली थी. सतीश कौशिक ने 8 मार्च को बिजवासन स्थित फार्महाउस में अपनी फैमिली के साथ होली मनाने पहुंचे थे. देर रात 2.10 बजे उन्हें बेचैनी होने लगी थी. उन्होंने अपने मैनेजर को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी. इसके बाद उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टर्स ने सतीश कौशिक को बचाने की काफी कोशिश की. मगर तब तक वे आखिरी सांस ले चुके थे.

दोस्त की पत्नी के आरोपों के बाद आया नया मोड़

सतीश कौशिक की मौत को सामान्य मानकर पुलिस जांच कर रही थी. इसी बीच शनिवार को इस मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब उनके करीबी दोस्त विकास मालू की दूसरी पत्नी ने अपने ही पति और उनके सहयोगियों पर सतीश की हत्या करवाने का आरोप लगा दिया. मालू की पत्नी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की मांग की थी.  

विकास मालू पर उनकी पत्नी ने क्या आरोप लगाए ?

संजय अरोड़ा को लिखे पत्र में विकास मालू की पत्नी ने दावा किया, विकास और सतीश के बीच 15 करोड़ रुपये के उधार को लेकर झगड़ा हुआ था. हो सकता है कि विकास ने सतीश जी को गलत दवाई खिला दी हो ताकि पैसे न देने पड़ें. शिकायत में दावा किया गया था कि 23 अगस्त 2022 को उनके बिजनैसमैन पति विकास मालू ने दुबई में एक पार्टी की थी. इस पार्टी में एक्टर सतीश कौशिक भी मौजूद थे. मुझे विकास ने ही बताया कि पार्टी में दाऊद इब्राहिम का बेटा अनस भी मौजूद था. दावा है कि इसी पार्टी से पहले सतीश कौशिक विकास मालू के घर गए थे और 15 करोड़ रुपए को लेकर बहस हुई थी. हालांकि, इससे पहले विकास की दूसरी पत्नी ने 2 महीने पहले ही अपने पति विकास मालू पर रेप का केस दर्ज कराया था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?

इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी. सतीश कौशिक का पोस्टमार्टम किया गया था. सतीश कौशिक की पोस्टमार्टम के दौरान बॉडी पर चोट के कोई निशान नहीं मिले थे. जांच में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट सामने आई है. हालांकि, विसरा जांच के लिए भेजा गया है. उधर, सतीश कौशिक के परिवार की ओर से भी किसी के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया गया है.

उधर, विकास मालू का बयान पुलिस दर्ज करा चुकी है. उन्होंने सतीश कौशिक की तबीयत बिगड़ने की बात कही थी. बताया जा रहा है कि पत्नी का बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस एक बार फिर विकास मालू के बयान दर्ज कर सकती है. पुलिस इस मामले में अब तक सतीश कौशिक के PA,फार्म हाउस के मालिक, गार्ड, फार्म हाउस में  मौजूद गेस्ट समेत 20 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है.

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry