नई दिल्ली
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का ये इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल का आखिरी सीजन होने वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स यानी सीएसके के कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2023 के बाद शायद ही क्रिकेट खेलते नजर आए। संभावित रूप से वे प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, लेकिन आईपीएल के इस आखिरी सीजन में वे फैंस को जबरदस्त खुशी देने वाले हैं, क्योंकि हेलिकॉप्टर शॉट के अलावा अब उन्होंने 'नो लुक सिक्स' पर काम शुरू कर दिया है, जिसकी तैयारी वे कर रहे हैं।
दरअसल, एमएस धोनी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे सीएसके ने शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एमएस धोनी गेंद को हिट कर रहे हैं और गेंद की तरफ देख तक नहीं रहे हैं। इस तरह की गेंद जब छक्के के लिए जाती है तो उसे नो लुक सिक्स कहा जाता है। यही वजह है कि धोनी के बल्ले से कुछ नो लुक सिक्स आईपीएल 2023 में देखने को मिल सकते हैं। महज 12 घंटे में एमएस धोनी के इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं और वीडियो कई मिलियन लोगों ने देख लिया है।
बता दें कि एमएस धोनी करीब एक सप्ताह पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से जुड़े थे। वह लगातार प्रैक्टिस कर रहे हैं और चेन्नई की टीम के एड में भी दिखाई देने वाले हैं। इससे पहले भी एमएस धोनी के प्रैक्टिस के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें वे गेंदबाजों की धुनाई करते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि धोनी हर बार की तरह इस बार भी छक्कों की बारिश करने वाले हैं, लेकिन इस बार वे ऊपर आकर गेंदबाजों की धुनाई कर सकते हैं, क्योंकि वे इस बार फैंस के लिए खेल रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

